ट्राइसिटी में छह ने दम तोड़ा, रिकॉर्ड 762 पॉजिटिव मिले, चंडीगढ़ में केंद्रीय टीम ने लिया जायजा
- चंडीगढ़ में सबसे अधिक 376 और मोहाली में 168 नए मरीज मिले
- चंडीगढ़ में 226 और मोहाली में 317 मरीजों को किया गया डिस्चार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्राइसिटी में मंगलवार को रिकॉर्ड 762 नए संक्रमितों के मिलने और छह मरीजों की मौत से हड़कंप मच गया। एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें चंडीगढ़ के 376, मोहाली के 168 और पंचकूला के 218 नए मरीज शामिल हैं। वहीं, मृतकों में तीन मोहाली, एक चंडीगढ़ और दो पंचकूला के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में मंगलवार को जहां हल्लोमाजरा निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने कोरोना से दम तोड़ दिया, वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 376 नए संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मचा रहा। राहत की बात यह रही कि स्वस्थ होने पर 226 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। शहर में कोरोना से अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पॉजिटिव केसों की संख्या 6375 हो गई है।
पॉजिटिव केस सेक्टर तीन, चार, पांच, सात, नौ, 11, 12, 15, 16, 17, 18, 19 में आए हैं। इनके अलावा सेक्टर 20 से लेकर 30 तक व सेक्टर 32 से लेकर 35 तक पॉजिटिव केस आए हैं। सेक्टर 37,38, 39 के अलावा सेक्टर 40 से लेकर 51 तक में भी कोरोना के कई केस मिले हैं। सेक्टर 63, डड्डूमाजरा, बुड़ैल, दड़वा, धनास, हल्लोमाजरा, कजहेड़ी, खुड्डा अलीशेर, खुड्डालाहौरा, किशनगढ़, मलोया, मनीमाजरा, मौलीजागरां, रामदरबार, रायपुर खुर्द, बापूधाम में भी कोरोना की चपेट में लोग आए हैं।
केंद्रीय टीम ने लिया जायजा
चंडीगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय टीमें भेजी हैं। इसका मकसद कोरोना मरीजों की बढ़ती रफ्तार पर अंकुश लगाना है। केंद्र से आई टीम के सदस्यों ने चंडीगढ़ के कंटेनमेंट जोन में रह रहे लोगों से बात भी की। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उन्हें शहर में कोरोना की स्थिति से रूबरू करवाने के साथ-साथ कंटेनमेंट जोन में लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया।
केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य डॉ. साहिल गोयल ने बताया कि फिलहाल वे स्थानीय एसडीएम के साथ कंटेनमेंट जोन का जायजा लेकर लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जान रहे हैं। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि कंटेनमेंट जोन में नियमों का किस तरह से पालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जायजा लेकर इसके निष्कर्ष जानने के उपरांत वे अपना आकलन प्रशासन के साथ साझा करेंगे।
मोहाली में तीन की मौत
उधर, मोहाली में जिन तीन लोगों की मौत हुई, उनमें 40 वर्षीय पुरुष सोहाना अस्पताल में भर्ती थे और वह ब्लड प्रेशर से पीड़ित थे। वहीं, डेराबस्सी निवासी 70 वर्षीय महिला की जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में मौत हुई जबकि मोहाली निवासी 58 वर्षीय पुरुष ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ा। वह लीवर की बीमारी से पीड़ित थे।
मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में अब कोरोना के मरीजों की कुल संख्या 5274 हो गई है जबकि सक्रिय केस 2206 हैं। वहीं, ठीक हुए मरीजों की संख्या 29452 है, जबकि अब तक 116 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। राहत की बात यह रही कि मंगलवार को एक दिन में रिकॉर्ड 317 मरीज ठीक हुए, जो कि एक दिन में तंदुरुस्त होने वाले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है।
पंचकूला में 218 नए संक्रमित मिले
पंचकूला में कोरोना से दो और बुजुर्गों की मौत हो गई है। इसमें एक 69 वर्षीय बुजुर्ग सेक्टर-20 और 70 वर्षीय बुजुर्ग सेक्टर-19 के रहने वाले थे। दोनों पहले से बीमार थे और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। टेस्ट में दोनों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। इन दोनों की मौत के बाद पंचकूला में कोरोना से मरने वालों की संख्या 36 पहुंच गई है। इसके अलावा मंगलवार को 218 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से पंचकूला के 169 मामले हैं। पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिन मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है उनको कोविड सेंटरों में भेज दिया गया है। वहीं, संक्रमितों के परिजनों को घर में आइसोलेट करवा दिया गया है।