सीडी कांड: 4 विधायकों को हाईकोर्ट का झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीडी कांड में फंसे हरियाणा के चार विधायकों को झटका देते हाईकोर्ट ने मामला वापस लोकायुक्त के पास भेज दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह, रतिया विधायक जरनैल सिंह, बरवाला विधायक राम निवास घुरियाला और उकलाना विधायक नरेश सेलवाल की ओर से लोकायुक्त के निर्देश के खिलाफ दायर याचिका का निपटारा करते हाईकोर्ट ने लोकायुक्त को सुनवाई का अधिकार क्षेत्र तय करने को कहा है।
इन विधायकों के खिलाफ इनेलो ने सीएलयू के लिए पैसे लेने का आरोप लगाते हुए लोकायुक्त के पास शिकायत की थी। सीडी कांड की शिकायत पर लोकायुक्त ने इनसे जवाब मांगा था, जिसे याचिकाओं के जरिए चुनौती दी गई थी।
इनेलो ने की थी सीडी कांड में शिकायत
पहले हाईकोर्ट में सुनवाई तक बेंच ने लोकायुक्त को आगे कोई निर्देश जारी न करने को कहा था, लेकिन बुधवार को याचिकाओं का निपटारा करते लोकायुक्त को ही कहा गया है कि इस मामले की सुनवाई के अधिकार क्षेत्र के बारे में फैसला ले। यदि अधिकार क्षेत्र लोकायुक्त का है तो आगे कोई कार्रवाई की जाए।
इनेलो की अलग शिकायत पर राम किशन फौजी के खिलाफ तो लोकायुक्त ने सरकार को आपराधिक मामला दर्ज करने की सिफारिश तक कर रखी है। ऐसी ही शिकायत पर उक्त चारों विधायकों के अलावा विनोद भ्याणा के विरुद्ध शिकायत पर लोकायुक्त ने जवाब मांगा था, जिसे उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी है कि उनका सीएलयू विभाग से कोई लेना-देना ही नहीं है, ऐसे में शिकायत निराधार है। भ्याणा के मामले में हाईकोर्ट ने अभी कोई फैसला नहीं दिया है।
इनेलो ने पिछले साल सितंबर में इन विधायकों को कुछ लोगों से जमीन का सीएलयू दिलाने के नाम पर कथित तौर पर पैसे लेते हुए एक सीडी जारी की थी और सीडी के साथ लोकायुक्त के पास शिकायत की थी।