पंजाब में तस्करी के आदतन अपराधियों की खैर नहीं, नजरबंद की तैयारी में सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में नशे के आदतन तस्कर को नजरबंद करने की तैयारी की जा रही है। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में नशे के खिलाफ व्यापक कार्य योजना संबंधित सलाहकार ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नशा तस्करी में बार-बार अपराध करने वालों की एहतियाती हिरासत (नजरबंद) का प्रस्ताव रखा।
यह प्रस्ताव पंजाब पुलिस द्वारा ऐसे लगभग 200 अपराधियों की शिनाख्त संबंधी रिपोर्ट के मद्देनजर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट ऐसे अपराधियों के लिए एहतियाती हिरासत का अधिकार देता है। इसके साथ ही उन्होंने एनडीपीएस के अंतर्गत अपराधियों की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों का भी सुझाव रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी फास्ट ट्रैक अदालतों को जल्द स्थापित करने का मामला वह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पास उठाएंगे। कैप्टन ने डिप्टी कमिश्नरों और जिला पुलिस मुखियों के साथ नशे के खात्मे की प्रगति का जायजा लेते हुए भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पंजाब के सीमावर्ती इलाकों की निशानदेही करने के लिए तैनात आठ टीमों को पूरा सहयोग देने के अलावा क्षेत्र में नशों के विरुद्ध लड़ाई में पूरा तालमेल किया जाएगा।
नशे के खिलाफ लड़ने वालों को इनाम
कैप्टन ने बताया कि सरकार द्वारा इनाम देने की स्कीम को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिसके तहत नशों के विरुद्ध लड़ाई में शामिल लोगों को लाभ दिए जाएंगे। इसी तरह अच्छी कारगुजारी वाले अधिकारियों और नागरिकों को भी इस स्कीम के अंतर्गत उपयुक्त इनाम दिया जाएगा।
दूसरे राज्यों से तालमेल को पंजाब में 25 अधिकारी तैनात
बैठक में मौजूद एनसीबी के उप महानिदेशक एसके झा ने बताया कि 25 अधिकारी पंजाब में तैनात किए गए हैं जो जम्मू-कश्मीर और गुजरात जैसे दूसरे राज्यों के साथ तालमेल को और मजबूत बनाएंगे। यह राज्य पंजाब में नशे की खेप पहुंचाने में बड़े सबूत के तौर पर उभरे हैं।
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों और बड़ी मछलियों पर नकेल कसने के लिए एनसीबी, बीएसएफ और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बढ़ाने व साझा कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने 181 पुलिस हेल्पलाइन नंबर को सक्रिय बनाने को कहा ताकि आम लोग नशों संबंधी सूचना दे सकें।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल, खेमकरन के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर, सुलतानपुर लोधी से विधायक नवतेज सिंह चीमा, अमृतसर से विधायक डॉ. राज कुमार वेरका, फाजिल्का से विधायक दविंदर सिंह घुबाया, भोआ से विधायक जोगिंद्र पाल, डीजीपी दिनकर गुप्ता, एडीजीपी /एसटीएफ गुरप्रीत कौर दिओ आदि उपस्थित थे ।