अब पान वाले और धोबी से खरीदिए कंडोम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एड्स की रोकथाम के लिए शहर में लगाई गईं कंडोम वेंडिंग मशीन ठप होकर रह गई हैं। अब पान वाले, धोबी और परचून की दुकानों से ही कंडोम मिलेंगे। चंडीगढ़ स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी की प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ.वनीता गुप्ता ने बताया कि इन दुकानों को कंडोम बेचने के लिए प्रेरित किया गया है। इन दुकानों पर सस्ते रेट पर कंडोम बेचने को कहा गया है।
विश्व एड्स दिवस पर उन्होंने बताया कि कंडोम वेंडिंग मशीनों की मेंटीनेंस नहीं हो पा रही थी। कई बार मशीनों से रुपये चोरी होने का मामला सामने आया। कई बार मेंटीनेंस की कोशिश की, लेकिन आए दिन ऐसा हो रहा था।
इसी कारण फिलहाल यह योजना बंद कर दी गई है। शहर में 28 मशीनें लगी थीं। इनमें सुखना लेक, आईएसबीटी-17 सहित कई मुख्य पब्लिक प्लेस शामिल थे।
खुलेंगे दो नए एआरटी सेंटर
डॉ.गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ में दो नए एआरटी सेंटर खोले जाएंगे। इससे एचआईवी मरीजों को फायदा मिलेगा। इनमें पहला एआरटी सेंटर जीएमसीएच-32 व दूसरा मनीमाजरा हॉस्पिटल में होगा। इससे मरीजों को पीजीआई नहीं जाना पड़ेगा। वे इन दोनों सेंटरों से दवा ले सकेंगे। मनीमाजरा में एआरटी सेंटर खुलने से पंचकूला के मरीजों को भी काफी राहत मिलेगी।
एड्स का प्रीवलेंस रेट 0.16 प्रतिशत पहुंचा
प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ.वनीता गुप्ता ने दावा किया कि 2005 में चंडीगढ़ में एड्स का प्रीवलेंस रेट 0.27 प्रतिशत था। अब यह गिरकर 0.16 प्रतिशत तक पहुंच गया है। एड्स सोसायटी की ओर से पांच से छह दिसंबर तक एड्सकॉन-04 आयोजित किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञ लेटेस्ट अपडेट पर चर्चा करेंगे।
पीड़ितों को नौकरी में वरीयता
चंडीगढ़ के हेल्थ सर्विसेस के डायरेक्टर डॉ.वीके गगनेजा ने बताया कि एड्स पीड़तों को नौकरी के लिए वरीयता दी जा रही है। एआरटी सेंटर व उनके किसी भी प्रोजेक्ट में पीड़ितों को भी मौका दिया जाता है। बाकायदा विज्ञापन में लिखा जाता है कि एचआईवी पॉजीटिव भी आवेदन कर सकते हैं।