खुफिया अलर्ट के बाद बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ाई चौकसी, जानिए क्या है मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के बाद बीएसएफ भी पूरी तरह सतर्क है। पंजाब के फिरोजुपर में भारत-पाक सीमा पर चौकसी बढ़ी दी गई है। वहीं जवानों की संख्या में भी इजाफा किया है। शुक्रवार को ममदोट स्थित चक्क सरकार जंगल और भारत-पाक सीमा से सटे गांव मस्ता गट्टी व गट्टी हियात में पुलिस, बीएसएफ, एसटीएफ व सेना के जवानों ने सर्च अभियान चलाया।
पुलिस की नजर ढाणी गुलाब सिंह वाली पर ही रही, क्योंकि यहीं से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की गई थी। इसके अलावा रेलवे पुलिस ने छावनी रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों की चेकिंग की। पुलिस ने फिरोजपुर के प्रत्येक चौक और प्रवेश रास्तों पर नाकाबंदी कर सभी वाहनों की चेकिंग की।
संदिग्धों के ममदोट इलाके में छिपे होने की सूचना पर बीएसएफ ने ममदोट से सटी भारत-पाक सीमा पर जवानों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात गश्त शुरू कर दी है। सरहद से सटे गांवों के घरों की तलाशी ली गई। ग्रामीणों को कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध के दिखते ही बीएसएफ व पुलिस को सूचित करें। पंजाब से सटी भारत-पाक सीमा पर भी चौकसी बढ़ाई गई है।
शुक्रवार को ममदोट के गांव मस्ता गट्टी व गट्टी हियात (सरहद से सटे) में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। यहां पर लगभग तीन सौ परिवार हैं। दोनों गांव चक्क सरकार जंगल और सरहद से सटे हुए हैं, यहां भी घरों की तलाशी ली गई। पिछले चार दिन से पुलिस, बीएसएफ, एसटीएफ का सर्च अभियान चल रहा है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ममदोट में ही संदिग्ध छिपे हैं। ममदोट अतिसंवेदनशील इलाका है। कई बार बीएसएफ और पुलिस ममदोट क्षेत्र से हेरोइन व असलहा की बड़ी खेप पकड़ चुकी है। सतलुज दरिया के उन प्वाइंटों पर भी चौकसी बढ़ाई है, जहां से दरिया का पानी पाक और फिर भारत में प्रवेश करता है।
मौजूदा समय में ऐसे प्वाइंटों पर पानी का स्तर कम है, क्योंकि हुसैनीवाला हैड के गेटों की मरम्मत का काम चल रहा है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ममदोट में तैनात बीएसएफ का एक सिपाही शेख रियाजउद्दीन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारी मिर्जा फैसल को गुप्त सूचनाएं देते हुए पकड़ा गया था, जो अब सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद है।