पलटवार: हरीश रावत के बयान पर भड़की भाजपा, कहा-इमरान से इतने ही अच्छे संबंध तो सिद्धू बंद करवाएं ड्रग्स-हथियार
पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि हरीश रावत द्वारा मोदी की नवाज शरीफ के साथ शेयर की गई फोटो प्रोटोकॉल के दायरे में आती है, लेकिन सिद्धू पाक प्रधानमंत्री इमरान खान और बजवा से किस प्रोटोकॉल के तहत मिलने गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत के नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा है कि यदि सिद्धू के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से अच्छे संबंध हैं तो पाक से पंजाब आने वाले हथियारों और ड्रग्स को बंद करवाएं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत द्वारा मोदी की नवाज शरीफ के साथ शेयर की गई फोटो प्रोटोकॉल के दायरे में आती है, लेकिन सिद्धू पाक प्रधानमंत्री इमरान खान और बजवा से किस प्रोटोकॉल के तहत मिलने गए थे।
यह भी पढ़ें- राजनीति: पंजाब कांग्रेस में बदलते समीकरणों पर विपक्ष की नजर, कैप्टन के अगले कदम का इंतजार
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर उनकी अपनी ही पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा देश सुरक्षा को लेकर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलवाने का श्रेय केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। अगर नवजोत सिंह सिद्धू की दोस्ती इमरान खान के साथ इतनी ही पक्की है तो सिद्धू पाकिस्तान द्वारा कई दशकों से कश्मीर की जबरन कब्जाई गई धरती, जिसे (पीओके) के नाम से जाना जाता है, को क्यों भारत को वापस नहीं दिलवाते।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना द्वारा सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन कर रोजाना कहीं न कहीं हमारे भारतीय सेना के जवानों को शहीद किया जाता है। अगर सिद्धू की जनरल बाजवा के साथ दोस्ती इतनी ही पक्की है, तो वो इस पर बात करके पाकिस्तान को सीजफायर के नियम मानने पर मजबूर क्यों नहीं करते।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने एक ट्वीट कर नवजोत सिद्धू के समर्थन में एक और बयान देते हुए पाकिस्तान के सेना प्रमुख को पंजाबी भाई बताया है। रावत ने एक ट्वीट कर भाजपा के प्रांतीय और केंद्रीय नेतृत्व से सवाल किया है कि आज उनको नवजोत सिद्धू और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की दोस्ती खल रही है क्योंकि नवजोत सिंह सिद्धू अब कांग्रेस में हैं। लेकिन जब सिद्धू भाजपा के सांसद थे, जब भाजपा उनको पंजाब में अपना खेवनहार मानती थी। उस समय तो सिद्धू की इमरान खान से और प्रगाढ़ मित्रता थी।
रावत ने लिखा कि मोदी जी यदि नवाज शरीफ से गले लगते हैं और उनके घर जाकर बिरयानी खाते हैं तो उसमें देश का काम है। यदि कोई व्यक्ति अपने धार्मिक तीर्थ स्थल करतारपुर साहिब के रास्ता खोलने के लिए धन्यवाद देते हुए अपने दूसरे पंजाबी प्रा और पाकिस्तान के आर्मी के जनरल से गले मिलता है तो उसमें देशद्रोह? यह कैसा डबल स्टैंडर्ड है, भाजपा जरा इसको समझे। ट्वीट के साथ हरीश रावत ने पीएम मोदी और नवाज शरीफ के गले लगने की फोटो भी शेयर की है।