बर्ड फ्लू: राहत के साथ-साथ एक बुरी खबर भी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में सुखना लेक पर बर्ड फ्लू की दस्तक बढ़ नहीं पाई। सोमवार को राहत की खबर के साथ-साथ एक बुरी खबर भी सामने आई। राहत ये कि अब तक तीन मरीजों के सैंपल दिल्ली भेजे गए थे और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
वहीं, सोमवार को दो साल के बच्चे को जीएमएसएच-16 में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए बनाए गए स्पेशल आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कराया गया। सुखना पर बतख में बर्ड फ्लू कंफर्म होने से ठीक पहले यह बच्चा अपने पैरेंट्स के साथ लेक पर गया था और वहां से लौटने के बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी।
डाक्टरों ने उसके सैंपल दिल्ली स्थित लैब भेजे गए हैं और बच्चे को टैमीफ्लू भी दी गई है। फिलहाल, उसकी हालत ठीक है। वहीं, पंचकूला अस्पताल में दाखिल वाइल्ड लाइफ के कर्मचारी श्रीपाल के सैंपल भी जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
चंडीगढ़ के डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज वीके गगनेजा ने बताया कि अब तक तीन मरीजों के सैंपल दिल्ली भेजे गए थे और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक मरीज के सैंपल जीएमसीएच-32, जबकि दो के सैंपल जीएमएसएच-16 से भेजे गए थे। हालांकि, इन सैंपलों की डिटेल रिपोर्ट नहीं आई है।
डाक्टरों ने फोन से सैंपलों की रिपोर्ट पूछी थी, ताकि मरीजों का इलाज जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। सोमवार शाम जीएमएसएच-16 में दाखिल मरीजों को डिस्चार्ज करने काम शुरू कर दिया गया था।
दिल्ली से आई टीम ने स्कूली बच्चों को जांच की
बर्ड फ्लू कंफर्म होने से ठीक दो दिन पहले सुखना लेक पर गए तीन स्कूलों के बच्चों की सोमवार को स्क्रीनिंग की गई। हेल्थ वर्करों की टीम ने एक-एक बच्चे से बातचीत की और उनके लक्षण जांचने की कोशिश की। जो बच्चे जांच में संदिग्ध पाए गए, दिल्ली से आए डॉक्टरों ने उनकी जांच की।
गनीमत है कि जांच में सभी बच्चे स्वस्थ निकले। डॉक्टरों ने बताया कि जो बच्चे स्कूल नहीं गए थे, उन बच्चों के घर पर फोन कर उनसे हालचाल पूछा गया।
टेस्ट के लिए सुखना की कांटेक्ट हिस्ट्री जरूरी
केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की ओर से आए डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान लोकल डॉक्टरों से कहा गया कि बर्ड फ्लू कंफर्म होने से 10 दिन पहले तक जो लोग सुखना लेक पर गए थे और उनमें खांसी, डायरिया, जुकाम, निमोनिया, बदन दर्द, 100.4 डिग्री बुखार व बैचेनी के लक्षण दिखते हैं तो उनके स्वास्थ्य की जांच कर सैंपल जरूर भेजें।
हालांकि, इस समय सामान्य फ्लू का भी मौसम चल रहा है और लोगों में बुखार व जुकाम के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में सुखना की कांटेक्ट हिस्ट्री का होना जरूरी है।
102 नंबर डायल करें, डॉक्टर बताएंगे बचाव
स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 102 पर पीजीआई के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के चार डॉक्टरों को तैनात करने को कहा गया है। ये डाक्टर बर्ड फ्लू से संबंधित सवालों के जवाब देंगे।
इस हेल्पलाइन से एंबुलेंस व स्वास्थ्य संबंधी अन्य जानकारियां हासिल की जाती हैं। इस हेल्पलाइन पर बर्ड फ्लू से संबंधित सवाल भी पूछे जा सकेंगे। संभव है कि मंगलवार से डॉक्टरों को तैनात कर दिया जाए।
जीएमएसएच-16 में 24 घंटे की फ्लू ओपीडी
जीएमसएच-16 में एक फ्लू ओपीडी भी बनाई गई है। यह ओपीडी 24 घंटे खुली रहेगी। दो दिन में 13 मरीज जांच करवा चुके हैं। ये सभी मरीज हेल्थ सर्वे के दौरान मिले थे और इनमें जुकाम व खांसी के लक्षण मिले थे। उसके बाद इन्हें ओपीडी में भेजा गया, जहां जांच के बाद घर भेज दिया गया।
पीजीआई में सैंपल जांच की संभावना
डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज वीके गगनेजा ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीजीआई की वायरोलॉजी लैब में ही बर्ड फ्लू के सैंपलों की जांच के इंतजाम करने के बारे में कहा गया था। इसके लिए उपकरण पीजीआई भेजे जा रहे हैं। उपकरण आने के बाद सैंपलों के ट्रायल होंगे और हर मरीज के दो-दो सैंपल लिए जाएंगे।
एक सैंपल की जांच दिल्ली, जबकि दूसरे की पीजीआई में जांच होगी। यदि सैंपलों की रिपोर्ट सामान आती है तो पीजीआई में ही टेस्ट को हरी झंडी दे दी जाएगी। संभव है हफ्ते बाद पीजीआई में ही सैंपलों की जांच हो।
स्कूल बंद करने का प्रस्ताव
बर्ड फ्लू प्रभावित सुखना के तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की सोमवार को हुई बैठक में अधिकारियों ने इसका प्रस्ताव दिया। अधिकारियों ने कहा कि बर्ड फ्लू को लेकर किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहिए।
इन क्षेत्र में खुले स्कूलों को एहतियातन बंद कर देना चाहिए। हालांकि स्कूलों को बंद करने का अधिकार उपायुक्त के पास है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डीसी को इस संबंध में पत्र भेजा है। हालांकि यूटी के सरकारी स्कूल में मंगलवार से छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।
कुछ प्राइवेट अब भी खुले हुए हैं। इन स्कूलों के प्रशासन को सोमवार तक बंद करने का आदेश नहीं जारी किया गया था। बर्ड फ्लू प्रभावित एरिया में पड़ने प्रमुख स्कूलों में सेंट कबीर, स्ट्राबेरी, सेंट जोंस, सेक्रेड हार्ट शामिल हैं।