बिक्रम मजीठिया और शिअद कार्यकर्ताओं ने दाखा थाने का किया घेराव, पुलिस पर लगाया धक्केशाही का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झूठे मामले दर्ज करने का आरोप लगाकर अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया के नेतृत्व में पार्टी वर्करों व नेताओं के साथ शुक्रवार को थाना दाखा का घेराव किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह अटवाल, दलजीत सिंह चीमा, महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल और पार्टी प्रत्याशी मनप्रीत सिंह अयाली की मौजूदगी में वर्करों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अकाली नेताओं ने एसएसपी देहात संदीप गोयल को चेताया कि अब तक पुलिस की ओर से बनाई 8 से 10 टीमें 40 जगह रेड कर चुकी है और 18 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर हिरासत में ले चुकी है।
मजीठिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार चुनाव लड़ रहे हैं, तो इसका मतलब ये नहीं कि सारे कानूनों को अनदेखा कर दिया जाए और लोगों के अधिकार भी छीन लिए जाए। मजीठिया ने आरोप लगाया कि पुलिस सरेआम अकाली वर्करों को डरा कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।
एसएसपी संदीप गोयल ने जानकारी न होने की बात कही तो मजीठिया का कहना था कि यह उनकी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कांग्रेस विधायकों कुलबीर सिंह जीरा व बरिंदरमीत सिंह पाहडा पर चुनाव प्रचार के दौरान मनप्रीत सिंह अयाली को धमकियां देने के आरोप में पर्चा दर्ज करने की बात करते हुए कहा कि उन्हें अंदेशा है कि 21 अक्तूबर को कांग्रेस की ओर से अकाली प्रत्याशी व वर्करों पर हमला किया जा सकता है।
इसके लिए उन्होंने अकाली दल के 500 वर्करों की एक फौज तैयार किए जाने की बात करते हुए कहा कि अगर ऐसी कोई घटना घटती है तो अकाली दल की उक्त फौज तुरंत मौके पर पहुंच कांग्रेसियों को मुंहतोड़ जवाब देगी।
पार्टी प्रत्याशी मनप्रीत सिंह अयाली ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस की ओर से अकाली वर्करों पर की जा रही धक्केशाही बंद नहीं हुई तो अकाली दल की ओर से शनिवार से थाना दाखा के बाहर राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरा जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस अकाली वर्करों के घरों में जाकर महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर धमकियां दे रही है। एसएसपी देहाती संदीप गोयल ने कहा कि अकाली दल की ओर से लगाए जा रहे आरोपों संबंधी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने अकाली नेताओं को आश्वासन दिया कि बिना किसी ठोस सबूत के अकाली वर्कर या नेता को परेशान नहीं किया जाएगा।