सुखद: हरियाणा के 76.3 प्रतिशत लोगों में बनी एंटीबॉडी, सीरो सर्वे में खुलासा, देखिए सभी जिलों की रिपोर्ट
हरियाणा के लोगों में एंटीबॉडी जांच करने के लिए 36520 सैंपल लिए गए, जिनमें 76.3 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी पाई गई। सबसे अधिक एंटीबॉडी कुरुक्षेत्र के लोगों में पाई गई। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस रिपोर्ट के बारे में जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच हरियाणा के लिए सुखद खबर है। प्रदेश के 76.3 प्रतिशत लोगों में कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बन चुकी है। 75.3 पुरुषों, 77.1 महिलाओं के साथ साथ बच्चों में भी एंटीबाडी मिली है। अहम बात ये है कि 6 से 9 साल के 69.8 फीसदी और 10 से 17 साल के 73.2 फीसदी बच्चे सुरक्षित घेरे में आ चुके हैं। यह खुलासा प्रदेश में हुए तीसरे सीरो सर्वे की रिपोर्ट में हुआ है।
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने यहां अपने कार्यालय में सर्वे की रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि टीकाकरण के बाद 81.6 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी बनी है, जबकि टीकाकरण बिना भी 75.5 प्रतिशत लोगों में कोरोना से लड़ने की क्षमता है। पहली खुराक लेने वालों में 79.5 और दोनों खुराक लेने वालों में 84 फीसदी और 78 फीसदी शहरी और 75 फीसदी ग्रामीणों में एंटीबॉडी पाई गई है।
36520 सैंपल लिए
8, 9 और 10 अक्तूबर को 36520 सैंपल लिए गए। इनमें 60 प्रतिशत ग्रामीण और 40 प्रतिशत शहरी के अनुपात के हिसाब से नमूने लिए गए 6 से 9 साल तक के लगभग 3600 बच्चों, 10 से 17 साल की आयु तक के 11 हजार और 18 साल से ऊपर के 22 हजार लोगों के नमूने लिए गए। पिछले साल अगस्त माह में पहले सर्वे में 18500 नमूने लिए थे और 8 प्रतिशत पॉजिटिविटी मिली थी। अक्तूबर 2020 में हुए दूसरे सर्वे में 15840 सैंपल लिए थे और 14.8 फीसदी एंटीबॉडी मिली थी।
यह भी पढ़ें: बढ़ी मुश्किल: युवराज सिंह के बाद अभिनेत्री युविका चौधरी को हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार, लगा है ये आरोप
फरीदाबाद : 14 प्रतिशत नमूनों का नहीं आया परिणाम
सबसे अधिक एंटीबॉडी कुरुक्षेत्र जिले में 85 प्रतिशत और सबसे कम फरीदाबाद में 64.2 फीसदी मिली है। फरीदाबाद जिले के करीब 14 प्रतिशत सैंपलों का किसी तकनीकी कारण से परिणाम नहीं आ सके। इसलिए सरकार ने फरीदाबाद में दोबारा से सर्वे कराने का फैसला लिया है।
सर्वे पर हुआ डेढ़ करोड़ खर्च, एक सैंपल पर आया 410 रुपये खर्च
तीसरे सर्वे पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च आया है। ऐसे में कुल 36520 सैंपलों की बात करें तो प्रति सैंपल करीब 410 रुपये खर्च आया है। खर्च में सैंपल किट समेत लैब के खर्च को शामिल किया गया। सैंपलों की समीक्षा पीजीआई रोहतक के विशेषज्ञों ने की है।
ये रहा सर्वे का पैमाना
सर्वे में स्वास्थ्य विभाग के 2200 कर्मचारियों व अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सर्वे के लिए प्रदेश में 913 कलस्टरों की पहचान की गई। बाद में एक एक कलस्टर को चार भागों में विभाजित कर प्रत्येक एरिया से 10-10 सैंपल लिए गए।
2.47 करोड़ लोगों का हो चुका टीकाकरण
अब तक प्रदेश में कुल 2 करोड़ 47 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें से 1.74 करोड़ ने पहली और 73 लाख लोगों ने दोनों खुराक ली हैं। विज ने बताया कि अब सभी सीएमओ को आदेश दिए गए हैं कि वे दूसरी खुराक देने पर जोर दें और इसके लिए लोगों को जागरूक करें।
हरियाणा के लिए यह सुखद पल हैं। पहले और दूसरे सर्वे के मुकाबले तीसरे सर्वे के परिणाम बताते हैं कि प्रदेश के लोगों में टीकाकरण और टीकाकरण के बिना भी कोरोना से लड़ने की क्षमता पैदा हो चुकी है। फिर भी हमें किसी भी सूरत में लापरवाही नहीं बरतनी है। सर्वे में काम करने वाली टीम को बधाई। - अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा
कुरुक्षेत्र के लोगों में सबसे अधिक एंटीबॉडी, फरीदाबाद भिवानी, झज्जर और कैथल पिछड़े
जिला शहरी ग्रामीण कुल प्रतिशत
- अंबाला 77.4 77.6 77.5
- भिवानी 67.8 71.1 69.7
- चरखीदादरी 79.5 78.1 78.6
- फरीदाबाद 64.1 64.2 64.2
- फतेहाबाद 78.1 73.7 75.4
- गुरुग्राम 80.3 77 78.3
- हिसार 74.2 71.3 72.4
- झज्जर 70.9 70.8 70.8
- जींद 83.7 72.2 76.8
- कैथल 74.7 69.3 71.5
- करनाल 82.5 70 75
- कुरुक्षेत्र 81.8 87.1 85
- महेंद्रगढ़ 79.8 82.9 81.6
- नूंह 83.7 77 79.7
- पलवल 79.7 76 77.5
- पंचकूला 70 74.1 72.8
- पानीपत 82.6 80.7 81.5
- रेवाड़ी 75.4 74.3 74.8
- रोहतक 85.9 83.8 84.6
- सिरसा 80.5 67.1 72.4
- सोनीपत 78.9 77.3 77.9
- यमुनानगर 74.8 70.3 72.1