फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Amar Ujala Announced Ramlila Awards

रामलीलाः अमर उजाला के 12 अवार्ड्स अनाउंस

Thu, 25 Sep 2014 05:15 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़ Updated Thu, 25 Sep 2014 05:15 PM IST
विज्ञापन
Amar Ujala Announced Ramlila Awards

चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के लाखों ‘लीला प्रेमियों’ के लिए प्रस्तुत है आपके पसंदीदा अखबार की एक अनूठी पहल ‘अमर उजाला रामलीला अवार्ड्स’। अनूठी इस अर्थ में कि पहली बार देश के किसी संस्थान ने हिंदी पट्टी में रामलीला के गुमनाम कलाकारों के अभिनंदन और सम्मान का बीड़ा उठाया है।

विज्ञापन


आप जानते हैं कि रामकथा के अभिनेता इस देश की माटी से जुड़े सबसे सच्चे कलाकार होते हैं। सदियों से वे लगभग शून्य पारिश्रमिक के बदले आम जनता का शिक्षण और मनोरंजन कर रहे हैं। ‘अमर उजाला रामलीला अवार्ड्स’ की परिकल्पना यह है कि रामलीलाओं का मूल्यांकन उनके भारी-भरकम बजट या तड़क-भड़क के आधार पर न हो।
विज्ञापन


बल्कि लीला की सच्ची-सात्विक प्रस्तुति के आधार पर हो। कलाकारों के भाव प्रबल अभिनय, श्रोताओं-दर्शकों से उनके तादातम्य के आधार पर हो। तो फिर इंतजार कीजिए अमर उजाला की अवार्ड ज्यूरी के नतीजों का। नवरात्र के साथ ही शुरू हो गई है सर्वश्रेष्ठ राम, सीता और अन्य कलाकारों की हमारी यह पवित्र खोज...।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस यात्रा में हमारी सहयोगी और भागीदार होगी ‘चंडीगढ़ केंद्रीय रामलीला महासभा’ जिसके साथ 30 से अधिक रामलीला समितियां जुड़ी हुई हैं।  आइए  एक नजर डालते हैं उन 12 श्रेणियों पर, जिनमें से हम चुनेंगे सबसे श्रेष्ठ 12 नाम :

सर्वोत्तम अभिनय
मर्यादा पुरुषोत्तम
ऐसा पात्र, जिसमें सच्चा साक्षी भाव होगा, जो नाटक करते हुए भी नाटक करता नहीं दिखेगा, जिसका अभिनय होगा धीर और गंभीर। गरिमा, क्षमा, संस्कार और प्रेम की प्रतिमूर्ति सा दर्शनीय। जिसके दर्शन भर से हाथ जुड़ जाएंगे। जो पराक्रम, तप और सौंदर्य का पुंजीभूत रूप होगा। ऐसे किरदार की होगी हमारी  टीम को तलाश।

सर्वोत्तम अभिनय

माता जानकी
ऐसी अभिनेत्री जो सीता की वेदना, निश्छलता और वियोग भाव को पूरी सात्विकता से अभिमंचित करे। जो एक सुहागन के मान, स्वाभिभान,  समर्पण और तपस्या का जीवंत रूप हो। जो लीलाप्रेमियों के मन में बस जाए। जो रामकथा के इस मुख्य स्त्री पात्र को संपूर्ण गरिमा में जीने में सक्षम हो।

सर्वोत्तम अभिनय

लक्ष्मण
ऐसा किरदार जो आग भी हो और पानी भी हो। जिसमें चंचलता भी हो और गंभीरता भी हो। जिसकी शोभा और जिसका तेज राम के समक्ष कम न होता हो। जो बड़े भाई के प्रति भक्तिभाव को साक्षात जीवंत कर दे। जो सेवा भाव को ऐसे निभाए कि दर्शक भूल न पाएं।

सर्वोत्तम अभिनय
महाबली हनुमान
शरीर सौष्ठव के साथ साथ जो अपनी बुद्धिमत्ता से भी दर्शकों को अभिभूत कर दे, जिसकी वाणी, जिसके दर्शन, जिसके उद्गार  -- सब कुछ भय को तिरोहित करने वाले हों। ऐसी पावन मूर्ति को मंच पर प्रस्तुत करने वाले कलाकार की होगी अमर उजाला को तलाश।

सर्वोत्तम अभिनय
लंकेश रावण
उसके अट्ठाहास दसों दिशाओं को गुंजाने वाले होेंगे। वह राम का विलोम होगा। भयावह, प्रबल और विद्वान होगा। वह लीला का केंद्र बनने की योग्यता रखेगा। दर्शक उसके मंच पर आने की प्रतीक्षा करेंगेे। रामकथा के इस सबसे बड़े खलनायक का पात्र निभाने वाले कलाकार पर रहेंगी निगाहें।

सर्वोत्तम रामकथा गायन और संगीत
ऐसा संगीत और ऐसा गायन जिसमें आंचलिकता और चौपाल की सुगंध हो। जिसमें फिल्मी गानों की मिक्सिंग और शोर शराबा न हो। जो रामकथा की तरह सच्चा और प्रेरक हो। जो श्रद्धा जगाए, पावन भावनाओं का सृजन करे और जिसे सुनकर श्रोता भावविह्वल हो उठें।

सर्वोत्तम पटकथा और संवाद

रामकथा की ऐसी प्रस्तुति जो दर्शकों को बांध कर रखे। जिसमें अनावश्यक विराम न हों। जिन्हें बार बार सुनने को मन चाहे। जो समझने में सरल हों। जो गूढ़ न होते हुए भी गहरी बातें समझाएं। जनसाधारण और विद्वानों को एक साथ रिझाने वाले संवादों की तलाश रहेगी अमर उजाला टीम को।

सर्वश्रेष्ठ लीला व्यवस्था
हजारों-लाखों दर्शकों को संभालने और ठीक से बिठाने की व्यवस्था कैसी है? पंडाल के भीतर आवाजाही कितनी सुगम है? सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और  मेला प्रबंधन कैसा है? पार्किंग से लेकर लाउडस्पीकर के इंतजाम तक-- सब पर होगी ज्यूरी की नजर।

सर्वश्रेष्ठ मंच व्यवस्था
रामलीला का बजट छोटा हो या बड़ा, मंच नन्हा हो या विशाल-- इससे फर्क नहीं पड़ता। देखना यह है कि मंच जैसा भी है उसका संचालन कैसा है? पात्रों के आने जाने, संगीत की कदमताल और मंच पर रोशनी की व्यवस्था कैसी है। मंच की प्रस्तुति में नया क्या है, आविष्कारपूर्ण क्या है? इन सब मापदंडों पर दिया जाएगा यह अवार्ड।

विशेष समर्पण अवार्ड
कुछ लीला प्रेमी होते हैं जो बिना कोई पारिश्रामिक लिए, बिना किसी पुरस्कार के, दो सप्ताह के लिए अपना घर बार, व्यापार या नौकरी सब कुछ भूल जाते हैं। ऊंचे ऊंचे ओहदे छोड़कर जो लोग रामकथा के अमृत में डूबने आ जाते हैं उनको सलाम करने की कोशिश है यह अवार्ड। हर जोन में ऐसी हस्तियों की होगी तलाश।

लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
जिनकी जिंदगी रामलीला के पात्र निभाते गुजर गई। जिन्होंने कई दशक रामलीला के मंच की सेवा में गुजार दिए। रामलीला मंचन की फील्ड में जिनका नाम सब जानते हों - ऐसे रामभक्त हर शहर में मिलते हैं। अमर उजाला ऐसे उम्रदराज कलाकारों को तलाशेगा और सम्मानित करेगा।


सर्वश्रेष्ठ चौपाई वाचन

रामलीला तो सब आयोजित करते हैं लेकिन मानस की चौपाइयों का सही उच्चारण और गायन सब नहीं कर पाते। अमर उजाला खोजेगा ऐसे कंठों को, जो मंत्रमुग्ध कर देंगे। जो संवादों के बीच के विराम को अपने रागरंग से अमृतमय कर देंगे। जिन्हें सुनकर श्रोता विभोर हो जाएंगे। जो पूरी शास्त्रीयता और सात्विकता से चौपाइयां प्रस्तुत करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed