सुखना में गिरते जलस्तर का समाधान सिर्फ एक, आप भी जानें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुखना लेक के गिरते जल स्तर की समस्या का समाधान करने के लिए आए सुझावों पर फैसला लेने के लिए आयोजित की गई बैठक में अभी फिलहाल पानी का एक विकल्प ट्यूबवैल ही सामने आया है।
बैठक में जहां पंजाब के मुख्य सचिव आवश्यक कार्य के चलते मौजूद नहीं रहे। वहीं हरियाणा के मुख्य सचिव ने रजीपुर धग्गर चौ से सुखना में पानी लाने की संभावना पर विचार करने का आश्वासन दिया है। अब इस बैठक के नतीजों पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
सुखना लेक में पानी के गिरते स्तर को लेकर लिए गए संज्ञान पर पिछली सुनवाई के दौरान प्रशासन की ओर से सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर द्वारा दिए गए पत्र में एक-एक कर सभी प्रस्तावों में आने वाली खामियों को बताते हुए अपनी विवशता जाहिर कर दी है।
हाईकोर्ट ने इस पर दोनों राज्यों के मुख्य सचिव, चंडीगढ़ से प्रशासक के सलाहकार, तीनों के चीफ इंजीनियर तथा चंडीगढ़ के मुख्य वन संरक्षक को 22 दिसंबर को बैठक कर इन समस्याओं और इनके समाधान पर विचार करने के आदेश दिए थे।
आदेशों के अनुरूप वीरवार को हाईकोर्ट में जस्टिस एके मित्तल, जस्टिस रामेंद्र जैन, हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी डीएस ढेसी, प्रशासक केसलाहकार परिमल राय, फाइनेंस सेक्रेटरी, डीसी, मुख्य वन संरक्षक, सहित हरियाणा, पंजाब और यूटी के बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान यूटी प्रशासन की ओर से प्रजेंटेशन के माध्यम से मीटिंग में बताया गया कि गोल्फ क्लब के नजदीक बने 7 ट्यूबवैल को सर्दियों के दौरान सुखना में पानी लाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जब पानी की मांग कम हो।
इन ट्यूबवैल से 2 से 4 मिलियन गैलन पानी प्रतिदिन सुखना में डाला जा सकता है। ऐसे में सुखना के लिए समर्पित नई लाईन गोल्फकोर्स के नजदीक इंजीनियरिंग विभाग को बिछानी होगी, जिससे पानी को सुखना में ले जाया जा सके।
इसके साथ ही वर्तमान में ट्यूबवैलों की मशीनरी को भी अपग्रेड करने की जरूरत बताई गई। रज्जीपुर-घग्गर चौ से पानी सुखना की ओर लाने को लेकर हरियाणा सरकार ने विचार करने की बात कही है।
सिसवां डैम से सुखना की लंबी दूरी का हवाला देते हुए इस प्रोजेक्ट को बहुत अधिक सटीक नहीं माना गया। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि अगले वर्ष से बारिश के पानी को सुखना के लिए एकत्रित करने की योजना पर काम करेंगे। हाईकोर्ट में शुक्रवार को इस मामले पर कोर्ट में बहस होगी।