Independence Day 2022: हरियाणा में अलर्ट, कड़ी सुरक्षा में होंगे कार्यक्रम, समालखा में CM करेंगे ध्वजारोहण
आजादी के अमृत महोत्सव पर 15 अगस्त को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय अंबाला कैंट में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समालखा में ध्वजारोहण करेंगे। असंध में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बहादुरगढ़ में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और रादौर में गृह मंत्री अनिल विज ध्वजारोहण करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा में अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेशभर में होने वाले समारोह पुलिस की कड़े सुरक्षा घेरे में होंगे। झंडा फहराने वाले वीवीआईपी और वीआईपी सदस्यों की विशेष सुरक्षा होगी। उधर, पड़ोसी राज्यों की सीमा पर नाकेबंदी कर दी गई है। साथ ही जिलों में भी पुलिस चौक चौराहों पर जांच कर रही है।
खुफिया विभाग के साथ साथ साइबर सेल और एसटीएम की टीमें लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही हैं। हरियाणा में पहली बार सभी सांसद और विधायक भी जिला और उपमंडल स्तर पर झंडा फहराएंगे। हरियाणा सरकार ने सभी 90 विधायकों के साथ साथ 10 सांसदों और राज्यसभा सांसदों को भी झंडा फहराहने के लिए अधिकृत किया है।
इससे पहले उपमंडल स्तर पर एसडीएम तिरंगा फहराते थे और केवल माननीयों को कार्यक्रमों में बुलाया जाता था। इस बार सरकार ने इस परंपरा को बदला है। पिछले दिनों विधायकों को मिली धमकी और चार अगस्त को अंबाला में आरडीएक्स मिलने की घटनाओं के चलते हरियाणा पुलिस अलर्ट है। आतंकी संगठनों के गुर्गे भी स्पेशल टास्क फोर्स के राडार पर हैं।
इसके अलावा, साइबर सेल सोशल मीडिया पर चल रही तमाम गतिविधियों पर नजर बनाए है। डीजीपी पीके अग्रवाल ने सभी जवानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी पीके अग्रवाल ने कहा कि सभी समारोह स्थल पर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। वर्दी के साथ-साथ काफी संख्या में जवानों को सादी वर्दी में भी तैनात किया जाएगा और संदिग्ध लोगों पर पहले से ही नजर रखी जा रही है।
75 स्थानों पर होगा ध्वाजारोहण, सीएम समालखा और राज्यपाल अंबाला में करेंगे ध्वजारोहण
आजादी के अमृत महोत्सव पर 15 अगस्त को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय अंबाला कैंट में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समालखा में ध्वजारोहण करेंगे। असंध में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बहादुरगढ़ में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और रादौर में गृह मंत्री अनिल विज ध्वजारोहण करेंगे। सत्तापक्ष के मंत्रियों, विपक्ष के नेताओं, सांसदों व विधायकों द्वारा प्रदेशभर में 75 जगहों पर ध्वाजारोहण किया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने आवास पर लगाया तिरंगा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को अपने आवास संत कबीर कुटीर पर तिरंगा लगाया, साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आजादी के लिए मर-मिटने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि सभी हरियाणावासियों ने अपने घरों पर तिरंगा लगाकर इस अभियान में अपनी अहम भूमिका दर्ज करवाई है। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इस वर्ष से अगले वर्ष तक विशेष कार्यक्रम आयोजित कि जाएंगे। 12 मार्च 2021 से आजादी का अमृत महोत्सव अभियान की शुरुआत की गई। आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2023 तक मनाया जाएगा।
रोहतक, झज्जर और दादरी में कई जगह ध्वजारोहण करेंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेताओं द्वारा 15 अगस्त के मौके पर किए जाने वाले ध्वजारोहण का शेड्यूल जारी किया है। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर प्रदेश अध्यक्ष उदयभान पलवल में तिरंगा फहराएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष रोहतक में सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी और आजादी गौरव यात्रा में हिस्सा लेंगे।
यह भिवानी स्टैंड से कांग्रेस भवन, बाबा भीमराव आंबेडकर चौक तक जाएगी। इसके बाद हुड्डा भिवानी स्टैंड, किला रोड, गोहाना अड्डा, पालिका बाजार और कांग्रेस भवन रोहतक में तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद उनके द्वारा गांव बंभेवा जिला झज्जर, गांव मंदोला यदुवंशी स्कूल जिला दादरी और बहादुरगढ़ स्थित जाखोदा गांव में किसान चौक पर ध्वजारोहण करेंगे। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से ध्वजारोहण कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि उन्हें बहुत ज्यादा पीड़ा हैं, क्योंकि साथियों ने शाहपुर, शाहाबाद, दादरी में कार्यक्रमों की तैयारियां की थी।