अक्षय कुमार की 'सिंह इज ब्लिंग' से हटेंगे विवादित दृश्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अकाल तख्त के विरोध के बाद अक्षय कुमार की आगामी मूवी 'सिंह इज ब्लिंग' से विवादित दृश्यों को हटाने का फैसला लिया गया है। अक्षय कुमार ने मुंबई से जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह को फोन किया और अपनी गलती को स्वीकार की।
उन्होंने कहा कि वह गुरु घर के प्रति समर्पित हैं। फिल्म प्रदर्शन से पहले श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और अन्य सिख विद्वानों को दिखाई जाएगी।
इससे पहले दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन परमजीत सिंह राणा के नेतृत्व में ‘सिंह इज ब्लिंग’ फिल्म के आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने के लिए एक शिष्टमंडल फिल्म के कलाकारों से मिला।
फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर पर था विवाद
अक्षय कुमार के साथ आपत्तिजनक दृश्यों के बारे में विस्तारपूर्वक बातचीत की गई। कड़े के ऊपर बाणी लिखने और कड़े के भीतर कलाकार की फोटो फिल्म के पोस्टर पर प्रकाशित करने पर आपत्ति जताई गई।
कहा गया कि यह सिख सिद्धांतों और भावनाओं के विरुद्ध है। फिल्म के यू-ट्यूब पर अपलोड ट्रेलर में एक से पांच नंबर की उलटी गिनती के साथ श्री दरबार साहिब, कुश्ती, शराब की बोतल की तस्वीरों को सिख सभ्याचार का हिस्सा बताने पर भी नाराजगी जताई गई।
राणा ने कहा कि श्री दरबार साहिब के साथ कुश्ती या शराब की बोतलों को दिखाना सिख सभ्याचार को बदनाम करना है। शिष्टमंडल में अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार पुनीत सिंह चंडोक, सेंसर बोर्ड की सलाहकार कमेटी की सिख सदस्य बीबी गुरप्रीत कौर चड्ढा, एसजीपीसी के मनोनीत सदस्य गुरेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
सदस्यों की बातें सुनने के बाद अक्षय कुमार ने पोस्टर को वापस लेने का निर्णय लिया और फिल्म के ट्रेलर में सभी आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने का विश्वास दिलाया। शिष्टमंडल को फिल्म भी दिखाई गई।