विजय देव बोले, चंडीगढ़ महबूबा है मेरी, महबूब बन रोमांस किया है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एडवाइजर विजय देव ने कहा कि चंडीगढ़ महबूबा है मेरी। महबूब बनकर एक साल तक मैंने इसके साथ रोमांस किया है। चंडीगढ़ ज्वाइन करने के बाद मैने यहां पर हमेशा काम करने की कोशिश की।
देव रविवार को सेक्टर - 18 स्थित टैगोर थियेटर में चंडीगढ़ प्रशासन के कल्चर अफेयर्स डिपार्टमेंट की ओर से आयोजित अपने विदाई समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान एडवाइजर विजय देव ने आईएएस अधिकारियों को सलाह देते हुए कहा कि जिस जगह आईएएस अधिकारी की नियुक्ति हो, उसे उस हर जगह को अपनी बीवी से होने वाले शुरूआती दिनों की तरह प्यार करना चाहिए। आज मुझे खुशी हो रही है कि यहां पर हर तबका मुझे विदाई देने आया है। लोग जाति, धर्म, संप्रदाय से ऊपर उठकर मुझे विदा करने आए हैं। इससे अधिक फक्र की बात मेरे लिए कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा कि मैने भारत के हर शहर को देखा और जाना है।
यहां तक कि बर्लिन और यूरोप के कई देशों का दौरा किया है लेकिन चंडीगढ़ जैसा शहर कहीं नहीं हैं। चंडीगढ़ से उनका यह लगाव हमेशा बना रहेगा। चंडीगढ़ विश्व का सबसे अच्छा शहर हो सकता है। यहां पर प्रशासन और लोगों की डिमांड पर सही तरीके से काम हो तो यहां पर सारी चीजें दुरुस्त हो सकती हैं। यह सुनते ही ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस दौरान देव ने शहर के लोगों को स्वस्थ रहने की शपथ दिलाई । उन्होंने कहा कि आपलोग अपनी दिनचर्या में आउट डोर एक्टिविटी को शामिल करें ताकि स्वस्थ रह सकें। मोटापा, हाइपर टेंशन जैसी बीमारियों से शहरवासियों को बचाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को अपडेट होना चाहिए। इसके लिए कई एक्टिविटी आयोजित की जानी चाहिए।
विजय देव को विदा करते हुए सभी की आंखें नम
कैंसर और मोटापे की बीमारियों पर जताई चिंता: पीजीआई की ओर से जारी किए गए मोटापे और कैंसर के आंकड़े पर चिंता जताते हुए एडवाइजर ने कहा कि शहर में जिस तरह से बीमारी बढ़ी हैं उसका कारण आज की लाइफ स्टाइल का ठीक नहीं होना है। इसके लिए शिक्षा विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन मिलकर कर काम करे। इस दौरान गृहसचिव अनुराग अग्रवाल, एसएसपी सुखचैन सिंह गिल सहित प्रशासन केसभी डिपार्टमेंट के अफसर मौजूद थे।
बच्चों को न दे गाड़ी: बच्चों की जिद केसामने कई बार घर वाले उन्हें ऑडी कार तक खरीदकर दे रहे हैं। बच्चे रैश ड्राईविंग में अपनी जान गंवा रहे हैं। इसलिए लोगों को बच्चों को समझाना होगा। जिससे कि शहर में बच्चे सुरक्षित रह सकें। गृहसचिव अनुराग अग्रवाल ने मंच का संचालन किया।
इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेक्टर -36 एमसीएम की परमजोत ने गीत सुनाया। पंजाबी कवयित्री डा. मंजीत इंद्रा, कॉमेडियन राजीव गोल्डी, सेक्टर - 42 कालेज की छात्राओं कने प्रस्तुति दी। इस दौरान चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी, ललित कला अकादमी , टैगोर थिएटर सोसायटी की ओर से एडवाइजर विजय देव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
एडवाइजर जिंदाबाद के नारे लगे
विजय देव जब बोल रहे थे तो दूसरी तरफ ऑडिटोरियम में एडवाइजर साहब जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। एडवाइजर विजय देव के विदा करते हुए सभी की आंखें नम हो र्गइं। अनुराग अग्रवाल, पार्षद हरजिंदर कौर सहित तमाम लोग भावुक हो उठे। कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान शहर के मेयर अरुण सूद ने एडवाइजर विजय देव का स्वागत किया। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया टैनेंट्स एसोसिएशन की ओर से एडवाइजर विजय देव के जाने पर रोष जताया।