Haryana: हरियाणा में 18 IAS अधिकारियों का तबादला, भ्रष्टाचार के आरोपी दहिया, डी सुरेश को नई जिम्मेदारी
विजय दहिया को करनाल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। राज नारायण कौशिक को कृषि विभाग का निदेशक पद सौंपा गया है। वहीं मंदीप बरार को लोकसम्पर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा सरकार ने उच्चस्तरीय अफसरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। भ्रष्टाचार के मामलों में फंसे तीनों आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। विजय सिंह दहिया करनाल के मंडल आयुक्त होंगे जबकि जयबीर सिंह आर्य को वित्त विभाग का विशेष सचिव लगाया गया। इनके अलावा, आईएएस डी सुरेश को मानव संसाधन विभाग का प्रधान सचिव लगाया गया। इससे पहले डी सुरेश दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आवास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।
तबादलों में खास बात ये है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वसनीय आईएएस बराड़ दंपती को काफी अहम पद दिए गए हैं। आईएएस मनदीप बराड़ अब डॉ. अमित अग्रवाल के स्थान पर लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक होंगे। उनके पास खनन एवं भूविज्ञान और मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के मिशन निदेशक की भी जिम्मेदारी रहेगी। उनकी पत्नी आशिमा बराड़ की फिर सीएमओ में एंट्री हो गई। उनको मुख्यमंत्री की अतिरिक्त प्रधान सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कल्याण की महानिदेशक व अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग श्रेणियां और अंत्योदय (सेवा) विभाग का सचिव बनाया गया। वहीं, सीएमओ से केएम पांडुरंग की छुट्टी हो गई है।
पांडुरंग को वेयरहाउसिंग कारपोरेशन का एमडी, मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी पंचकूला व सोनीपत का सीईओ लगाया गया। इसी प्रकार, अमित कुमार अग्रवाल मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव रहेंगे। वह मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के एमडी का जिम्मा भी संभालेंगे।
अमित खत्री संभालेंगे एचकेआरएन
- अमित खत्री को केएम पांडुरंग के स्थान पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम का सीईओ नियुक्त किया गया। वह टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के निदेशक व सचिव, शहरी संपदा के निदेशक, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक और विशेष सचिव भी रहेंगे।
- सीजी रजनीकांतन को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और एमएसएमई का महानिदेशक और नागरिक उड्डयन विभाग का सलाहाकार लगाया है।
- पीसी मीणा को दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम का महानिदेशक, ए श्रीनिवास को फरीदाबाद व गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन विकास अथॉरिटी का सीईओ लगाया गया। हरको बैंक के प्रबंध निदेशक की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी रहेगी।
बांगड़ गुरुग्राम निगम के आयुक्त होंगे
- नरहरि सिंह बांगड़ को गुरुग्राम का जिला नगर आयुक्त और नगर निगम आयुक्त लगाया गया। सचिन गुप्ता के पास एचएसवीपी मुख्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा।
- जितेंद्र कुमार-1 को सेकेंडरी एजुकेशन का निदेशक, स्कूल एजुकेशन का विशेष सचिव व स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद का स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर लगाया गया।
- आदित्य दहिया को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा विशेष सचिव स्वास्थ्य विभाग व मिशन निदेशक, नेशनल हेल्थ मिशन और सीईओ आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
तीन माह से खाली परिवहन महानिदेशक का पद संभालेंगे शेखर विद्यार्थी
तीन महीने से खाली चल रहे परिवहन विभाग के महानिदेशक पद पर शेखर विद्यार्थी को लगाया गया है। उनके पास महानिदेशक एवं सचिव पुरातत्व विभाग की भी जिम्मेदारी होगी। वहीं, डॉ. साकेत कुमार को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम का प्रबंध निदेशक लगाया गया। वे मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग के महानिदेशक भी होंगे।
विज की नाराजगी के बाद कौशिक को एनएचएम से हटाया...पर मिला बड़ा विभाग
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की नाराजगी के बाद आईएएस राजनारायण कौशिक को एनएचएम निदेशक से हटा दिया गया। हालांकि, सरकार ने उनको बड़ी जिम्मेदारी दी है। कौशिक को कृषि विभाग में निदेशक लगाया गया। इससे पहले विज की नाराजगी के चलते स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सोनिया खुल्लर ने वीआरएस ले ली थी, बाद में सरकार ने उनको एचपीएससी में सदस्य नियुक्त कर दिया था।