ट्राइसिटी में घातक हुआ कोरोना : दो दिन में सात मरीजों की गई जान, 1204 नए पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्राइसिटी में बीते दो दिनों (सोमवार और मंगलवार) में जहां सात कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया, वहीं 1204 नए संक्रमित मिले। मृतकों में दो चंडीगढ़ जबकि पांच मोहाली के रहने वाले थे। वहीं, नए संक्रमितों में चंडीगढ़ के 539, मोहाली के 563 और पंचकूला के 102 लोग शामिल हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग त्योहार पर कोविड से बचाव के नियमों का पालन न होने से चिंतित है। विभाग को डर है कि यह लापरवाही संक्रमण को और तेज कर सकती है।
चंडीगढ़ में जिन दो मरीजों ने दम तोड़ा उनमें सेक्टर-49 निवासी 64 वर्षीय वृद्धा का इलाज मोहाली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही मधुमेह और फेफड़े की गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं। वहीं, सेक्टर-24 निवासी 42 वर्षीय महिला का इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा था। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ सांस की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं।
चंडीगढ़ में बीते 2 दिनों में स्वास्थ्य विभाग ने 3622 लोगों की कोरोना की जांच की, जिनमें से 539 संक्रमित मिले जबकि 466 की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं एकांतवास में रखे गए 339 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को शहर के अलग-अलग इलाकों से 274 संक्रमित मिले जबकि मंगलवार को 265 नए मरीज मिले। सोमवार को 1868 लोगों की जबकि मंगलवार को 1754 लोगों की कोरोना की जांच की गई। सोमवार को 161 और मंगलवार को 178 लोगों को एकांतवास से डिस्चार्ज किया गया। शहर में सक्रिय मामलों की संख्या 3306 पर पहुंच गई है जबकि अब तक 379 लोगों की मौत हो चुकी है।
यहां मिले सबसे ज्यादा केस
मनीमाजरा में 52, सेक्टर 40 में 21, सेक्टर 41 में 24, सेक्टर 44 में 14, सेक्टर 22 में 13, सेक्टर 20 में 10, सेक्टर 15 में 12, सेक्टर 28 में 14, धनास में 11, सेक्टर 38 में सात पॉजिटिव मरीज मिले हैं।
त्योहार के दौरान कोरोना से बचाव के मानकों का पालन न होने से संक्रमण का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सामाजिक दूरी के साथ ही मास्क के इस्तेमाल व हाथ धोने की आदत को नियमित तौर पर अपनाएं। -डॉ अमनदीप कंग, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग।
कोविड-19 नियमों की धज्जियां उड़ाने पर मोब क्लब के मालिक समेत तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़ में लगातार बढ़ते कोरोना केसों के बावजूद क्लब संचालकों की ओर से कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सोमवार को पुलिस ने सेक्टर-26 के मोब क्लब में छापेमारी की। इस दौरान पाया कि क्लब में भारी भीड़ जमा था और सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
पुलिस ने क्लब के मालिक नीरज खरब, मैनेजर खुश लोब व अभिषेक के खिलाफ केस दर्जकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर- 26 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-26 के एससीओ नंबर-41 में मोब क्लब में पार्टी चल रही है। भारी भीड़ जमा है। पुलिस ने कोविड-19 के नियमों का पालन न करने पर केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
54 केंद्रों पर 1630 को लगा कोरोना का टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान में मंगलवार को शहर के 54 केंद्रों पर 1630 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। इसमें 73 स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली, जबकि 93 ने दूसरी खुराक लगवाई। अग्रिम पंक्ति के 85 कर्मचारियों ने पहली और 143 ने दूसरी खुराक लगवाई। 45 से 60 साल के बीच के 206 गंभीर मरीजों ने कोरोना का पहला टीका लगवाया। 45 से 60 साल के बीच के तीन लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई। 60 साल से ज्यादा उम्र के 887 लाभार्थियों को पहली व 77 को दूसरी खुराक लगाई गई। शहर में अब तक 76031 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।
आज यहां रहेगी मोबाइल टीम
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क कोरोना स्क्रीनिंग के लिए चलाई जा रही मोबाइल टीम की संख्या मंगलवार को 5 से बढ़ाकर 7 कर दी गई है। बुधवार को मोबाइल टीम बस स्टैंड सेक्टर-17, सेक्टर-17 स्थित सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी, सेक्टर-40 स्थित अपनी मंडी, सेक्टर-45 के जीएमएसएसएस, जीएमएसएसएस विकासनगर, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, अपनी मंडी सेक्टर-15, जीएमएसएसएस सेक्टर-23, जीएमएसएच सेक्टर-26 व डड्डूमाजरा के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रहेगी। टीम सुबह 9.30 से दोपहर बाद 3 बजे तक कोरोना की जांच करेगी।