बॉलीवुड अभिनेता के साथ हरियाणा में हादसा, बाल-बाल बचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के हिसार जा रहे बॉलीवुड अभिनेता की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद काफी देर तक हंगामा मचता रहा। हादसा नारनौंद के पुराने बस स्टैंड के पास हुआ। दरअसल बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा की गाड़ी पुराने बस स्टैंड के पास एक बैलगाड़ी से टकरा गई।
हालांकि उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन बैलगाड़ी टूटने से उसके मालिक ने हंगामा कर दिया। आखिरकार शर्मा को पुलिस स्टेशन जाना पड़ा।
वहां उन्होंने पुलिस के किसी उच्चाधिकारी से फोन करवाकर मामला शांत करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में अभिनेता यशपाल आगे की सीट पर बैठे थे जबकि उनके भाई गाड़ी चला रहे थे।
लगान, गंगाजल, अब तक छप्पन जैसी फिल्मों में काम कर चुके मूल रूप से हिसार निवासी अभिनेता यशपाल शर्मा अपने भाई की ऑल्टो कार में परिजनों के साथ पानीपत से हिसार की ओर जा रहे थे।
बैलगाड़ी मालिक ने यशपाल शर्मा के साथ हाथापाई तक की
पुराने बस स्टैंड पर उनकी गाड़ी एक बैलगाड़ी के पीछे से टकरा गई। इसके कारण बैलगाड़ी का कुछ हिस्सा टूट गया और बैल भी सड़क पर गिर गया। बैलगाड़ी के मालिक अमित की पत्नी सुमन को भी चोट लगी।
बैलगाड़ी मालिक ने यशपाल शर्मा व उसके भाई को गाड़ी से उतरने के लिए कहा और उनके साथ हाथापाई तक की। यह नजारा देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मचारी भी पहुंच गए और उन्होंने यशपाल शर्मा को गाड़ी थाने के अंदर ले जाने के लिए कहा।
बड़े अधिकारी से करवाया फोन
जब यशपाल शर्मा थाने आए तो पुलिसकर्मियों को उन्होंने समझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो पुलिस के एक बड़े अधिकारी को फोन पर घटना से अवगत करवाया और उनकी सब इंस्पेक्टर देवराज से बातचीत करवाई। इसके बाद पुलिस ने मामला शांत करवा दिया।
मंदीप सांगवान, थाना प्रभारी, नारनौंद ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलती तो कार्रवाई की जाती।