हरियाणा की इन बेटियों के घर मेहमान बनेंगे आमिर खान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता और बबीता के घर मेहमान बनकर आएंगे। ‘दंगल’ फिल्म बनाने जा रहे आमिर गांव बलाली में इन बहनों के घर में बने अखाड़े में कुश्ती के दांव भी आजमाएंगे।
दो दिन पहले गीता और बबीता परिवार समेत मुंबई में आमिर खान के घर मेहमान बनकर गईं थी। तभी आमिर ने बलाली आने की ख्वाहिश जाहिर की थी। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि आमिर कब बलाली आएंगे।
मुंबई से लौटने के बाद दोनों पहलवान बहनों के पिता महावीर पहलवान ने आमिर खान से मुलाकात के दौरान हुई बातचीत ‘अमर उजाला’ से साझा की। उन्होंने बताया कि आमिर खान ने गांव का माहौल, कुश्ती की बारीकियां और हरियाणवी सीखने के लिए बलाली आने की इच्छा जताई।
दरअसल, आमिर उसी दंगल में उतरना चाहते हैं, जहां से गीता-बबीता ने कुश्ती की एबीसीडी सीखी। चार घंटे की मुलाकात के दौरान आमिर खान ने महावीर के साथ कुश्ती के कुछ दांव खासकर ‘ढाक’ आजमाया।
फिलहाल आमिर मध्य प्रदेश के कृपाशंकर से कुश्ती के दांव-पेंच सीख रहे हैं। आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव ने महावीर की पत्नी और बेटियों गीता और बबीता से बातचीत की और एक साथ खाना खाया।
फिल्म में आमिर खान महावीर पहलवान का किरदार निभाएंगे
समाज की दकियानूसी सोच को दरकिनार कर अपनी चार बेटियों और दो भतीजियों को कुश्ती में अंतरराष्ट्रीय मुकाम तक पहुंचाने वाले महावीर पहलवान के संघर्ष की कहानी पर बनने वाली ‘दंगल’ फिल्म को लेकर आमिर खान ने 31 मई को महावीर, उनकी पत्नी और बेटी गीता-बबीता से मुंबई में मुलाकात की।
इस फिल्म में आमिर खान महावीर पहलवान का किरदार निभाएंगे। महावीर पहलवान ने बताया कि आमिर खान ने उनसे कुश्तियों की बारीकियों के बारे में बात की और बताया कि फिल्म में हरियाणवी संवाद बोलने में उन्हें दिक्कत आ रही है। आमिर ने फिल्म के कुछ डॉयलाग का उच्चारण महावीर से कराया।
हरियाणवी पहलवान का लुक पाने के लिए आमिर अपना वजन बढ़ा रहे हैं। उनका वजन 95 किलो हो चुका है और 100 तक पहुंचना चाहते हैं। बकौल महावीर आमिर की पत्नी ने वजन बढ़ने पर थोड़ी चिंता जताई। पर, मैंने स्पष्ट कर दिया कि इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।
फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी
महावीर और उसकी बेटियों गीता-बबीता पर बनने वाली फिल्म दंगल की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और जुलाई के अंत तक शूटिंग भी शुरू हो जाएगी। गीता और बबीता के रोल के लिए फातिमा शेख और सान्या मल्होत्रा का चयन कर लिया है, महावीर का किरदार खुद आमिर निभाएंगे।