पंजाब में मान सरकार: भगवंत मान ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कहा-हमारी सरकार ऐतिहासिक निर्णय लेगी
16 मार्च को भगवंत मान शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से राजभवन में मुलाकात की और खुद के अलावा आप के सभी 92 नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसे मंजूर कर लिया गया।
शुक्रवार शाम को आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में भगवंत मान को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मान ने राज्यपाल से मिलने का समय तय किया था। 16 मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
राज्यपाल से मिलने के बाद राजभवन के बाहर पत्रकारों को भगवंत मान ने बताया कि हमने राज्यपाल को आम आदमी पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंप दिया है और पंजाब की अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया है, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया। हमने राज्यपाल को शपथ ग्रहण समारोह की जगह और समय की भी जानकारी दी। मान ने कहा कि इस अवसर के लिए मैं पंजाब के सभी लोगों को खटकड़ कलां आने के लिए आमंत्रित करता हूं। 16 मार्च को सिर्फ हम और हमारे मंत्री नहीं, पंजाब के सभी लोग पंजाब को फिर से पंजाब बनाने की शपथ लेंगे। हम साथ मिलकर पंजाब को पहले की तरह खुशहाल संपन्न और समृद्ध बनाएंगे।
आज अमृतसर में रोड शो
चंडीगढ़ में कुछ अन्य लोगों से मिलने के बाद भगवंत मान का काफिला संगरूर घर की ओर रवाना हो गया। रविवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब पहुंचेंगे। अमृतसर में हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद रोड शो में शामिल होंगे। इस दौरान भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।