बेटी के दो बच्चों का स्कूल से चार बार अपहरण का प्रयास, गम में नाना की हार्ट अटैक से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सिटी जीरा के अंतर्गत गांव नवा जीरा में आरोपियों की ओर से बेटी के दो बच्चों का स्कूल से चार बार अपहरण का प्रयास किया गया। इसी गम में दिल का दौरा पड़ने से बच्चों के नाना की मौत हो गई। थाना सिटी जीरा पुलिस ने गुरुवार को पीड़िता के बयान पर ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
सरवन कौर पत्नी हरचरण सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बारह साल पहले उसकी बेटी मनदीप कौर की शादी अर्शदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी संतू वाला के साथ हुई थी। मनदीप कौर के दो बच्चे हैं। ससुराल पक्ष उसकी बेटी को बहुत तंग करता था। दहेज में दी कार भी बेटी के ससुर ने अपने नाम कर ली थी।
तीन साल पहले मनदीप कौर को दो बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया था। पिछले तीन साल से मनदीप कौर अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। ससुराल पक्ष के लोग उन्हें धमकी देते थे कि उसकी बेटी के दोनों बच्चे उठाकर ले जाएंगे और कई बार स्कूल से बाहर वैन से बच्चों का अपहरण करने का प्रयास भी किया। इसी वजह से उसका पति हरचरण सिंह परेशान रहने लगा और दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
उधर, मनदीप कौर का कहना है कि उसके ससुर अमरजीत सिंह ने चार बार स्कूल वैन रोककर उसके बेटे व बेटी का अपहरण करने का प्रयास किया। बेटा पांचवीं और बेटी चौथी कक्षा में पढ़ती है। मनदीप कौर ने बताया कि ससुराल पक्ष की इन्हीं हरकतों के चलते बच्चों का स्कूल भी बदला। लेकिन फिर उसके ससुराल वाले बच्चों को उठाने की धमकी देते रहे।
मनदीप कौर ने बताया कि मायके वालों ने शादी में उसे कार दी थी, कार भी ससुर अमरजीत ने अपने नाम करवा ली। उसका एक भाई है, जिसकी सड़क दुर्घटना में यादाश्त चली गई है। ऊपर से उसका ससुराल पक्ष उन्हें तंग कर रहा था, इसी गम में उसके पिता हरचरण सिंह की मौत हो गई।
उधर, मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई गुरमीत सिंह के मुताबिक पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी अर्शदीप सिंह, अमरजीत सिंह, अमरीक सिंह, महताब सिंह, अमनदीप सिंह व महिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है