सावधानी है जरूरी: कोरोना की तीसरी लहर की तरफ पंजाब, बढ़ने लगा संक्रमण, पटियाला में तीन छात्र पॉजिटिव मिले
तीसरी लहर की संभावनाओं को देखते हुए पंजाब सरकार तैयारी में जुटी हुई है। मुख्य सचिव विनी महाजन ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में 4307 एल-2 बेड हैं, जो 25 फीसदी बढ़ाकर 5387 किए जाएंगे, जबकि निजी अस्पतालों में 6565 एल-2 बेड उपलब्ध हैं। 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1644 बिस्तर और जोड़े जाएंगे। इसके साथ ही हर रोज आरटीपीसीआर टेस्ट की संख्या भी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में एक बार फिर कोरोना ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। 17 जुलाई के बाद लगातार मरीजों की संख्या कम होती गई। नौ अगस्त को सबसे कम 31 केस आए लेकिन 11 अगस्त को पहली बार संक्रमितों की संख्या 100 के पार 107 जा पहुंची। अच्छी बात यह है कि मृत्युदर को लेकर राज्य में हालात काबू में है। नए मामले बढ़ने के साथ ही अगस्त माह में संक्रमण दर सबसे न्यूनतम 0.10 से बढ़कर 0.24 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
अब तक राज्य में कोरोना संक्रमण से 16334 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को 81 नए मामले सामने आए। अब कुल संक्रमितों की संख्या 599758 हो गई है। राज्य में अब 533 सक्रिय मामले हैं। दो मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं, जबकि 35 ऑक्सीजन पर रखे गए हैं। सबसे ज्यादा 13 नए मामले बठिंडा से आए, इसके बाद लुधियाना (8), जालंधर और मोहाली (6-6) हैं। प्रदेश में गुरुवार को 48890 परीक्षण किए गए और 0.16 प्रतिशत की सकारात्मक दर दर्ज की गई है।
बठिंडा की संक्रमण दर सबसे अधिक 0.79 प्रतिशत दर्ज की गई है। बरनाला और फाजिल्का में संक्रमण दर्ज क्रमश: 0.55 और 0.49 प्रतिशत रही। प्रदेश में अब तक ब्लैक फंगस के 684 मरीज मिले हैं। इनमें पंजाब के 610 और दूसरे राज्यों के 74 मरीज शामिल हैं। अच्छी बात यह है कि ब्लैक फंगस से संक्रमित 333 मरीज अब तक स्वस्थ्य हो चुके हैं। इस संक्रमण के कारण 51 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
पटियाला के सरकारी स्कूल के तीन विद्यार्थी संक्रमित
बनूड़ के नजदीक गांव धर्मगढ़ के सरकारी स्कूल के तीन विद्यार्थी गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव मिले। स्कूल की मुख्य अध्यापक शीनम ने बताया कि स्कूल में सेहत विभाग ने 90 विद्यार्थियों और 13 स्टाफ सदस्यों की जांच की। इनमें से तीन के कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। इससे पहले मंगलवार को लुधियाना के दो सरकारी स्कूलों में 20 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले थे। जबकि बुधवार को पटियाला के नाभा के एक सरकारी स्कूल का चौथी कक्षा का छात्र जांच में संक्रमित पाया गया। इसके बाद इन स्कूलों को 14 दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
26 दिन बाद बढ़े संक्रमित
पंजाब में 17 जुलाई के 26 दिन बाद संक्रमितों की संख्या 100 के पार दर्ज की गई। 9 अगस्त को संक्रमण के 31 नए मामले आए, संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके बाद लगातार संक्रमण के केसों में वृद्धि देखी जा रही है। 10 अगस्त को 74 संक्रमण के मामले आए और संक्रमण दर 0.24 प्रतिशत दर्ज की गई। 11 अगस्त को 107 और संक्रमण दर 0.24 प्रतिशत, 12 अगस्त को 81 संक्रमण के नए मामले आए, जबकि संक्रमण दर 0.16 प्रतिशत रही।
पंजाब में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए टेस्टिंग बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। अब हर दिन टेस्टों की संख्या 40 हजार होगी। अभी स्कूलों में विद्यार्थियों के संक्रमित मिलने के बाद प्रतिदिन स्कूलों में 10 आरटीपीसीआर टेस्ट करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। विनी महाजन, मुख्य सचिव, पंजाब।