हुडा के हर मकान में डायरिया के 2 मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचकूला में डायरिया और कॉलरा के मरीजों की तादात बढ़ती ही जा रही है। अब तक 610 मरीज शिकार बने हैं। आलम यह है कि पंचकूला सेक्टर 19 में हुडा के हर मकान में डायरिया के दो मरीज हैं।
पिछले तीन दिनों में डायरिया के करीब 603 और कॉलरा के सात मामले सामने आ चुके हैं। रविवार को डायरिया के मरीजों की संख्या पिछले दो दिनों के अनुपात में और बढ़ गई है। सुबह से शाम तक डायरिया के करीब 200 मरीज डिस्पेंसरी इलाज के लिए पहुंचे। मरीजों के आने का सिलसिला जारी है।
वहीं डायरिया और कॉलरा की वजह से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी हैं। रविवार को जनरल अस्पताल में छह डायरिया के मरीजों को दाखिल किया गया। जबकि तीन कॉलरा के संदिग्ध केस मिले थे, लेकिन उनकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं सेक्टर-19 की सत्यभामा की तबियत बिगड़ने पर जनरल अस्पताल से जीएमसीच रेफर कर दिया गया।
हुडा की लापरवाही जिम्मेदार
सेक्टर-19 में डायरिया का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि हुडा के पीले मकानों के हर घर में दो से तीन मरीज डायरिया से पीड़ित हैं। स्थानीय लोग जहां इसके लिए हुडा की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं हुडा अधिकारी इसे सिरे से नकार रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि अब तक करीब 400 घरों में रहने वाले लोगों में डायरिया फैल चुका है।
सेक्टर 19 और आसपास के क्षेत्रों में डायरिया ने पूरी तरह से पांव पसार लिया है तब जाकर जिला प्रशासन को लोगों के बीच जागरूक करने की बात सूझी है।
पिछले तीन दिनों से लगातार डायरिया के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने रविवार को लाउडस्पीकर से एनाउंस करवाकर लोगों जागरुक करना मुनासिब समझा। यदि पहले दिन ही प्रशासन ने यह कदम उठाया होता तो शायद इतने मरीज डायरिया के शिकार न होते।
मौत के बाद जागा हुडा प्रशासन
एक ही सेक्टर में डायरिया का इस कदर कहर फैलने के बाद पंचकूला के उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने सेक्टर 19 के मकानों में पीने के पानी की गुणवत्ता तथा साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हुडा के नौ कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं।
डॉ. फुलिया ने बताया कि जारी किए गए आदेशों के अनुसार यह कनिष्ठ अभियंता अपने कार्य क्षेत्र वाइज घरों में पीने के पानी की सप्लाई की उचित कनेक्शन व क्लोरीनेशन, पीने के पानी की सप्लाई में लीकेज तथा सीवर कनेक्शन में ब्लोकेज चेक करके उनका यथा संभव समाधान करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि यह सभी नियुक्त किए गए कनिष्ठ अभियंता अपनी प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने वरिष्ठ अधिकारी को सौंपेंगे और उनके माध्यम से यह रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जाएगी।
कनिष्ठ अभियंताओं की लिस्ट और मोबाइल नंबर
मकान नंबर----------एक्सीएन का नाम----मोबाइल नंबर
1 से 150 तक--------दर्शन लाल----------9417547620
151 से 300 तक-----मोहर सिंह-----------8054153554
301 से 450 तक-----अशोक कुमार---------9872848321
451 से 600 तक------पीसी मित्तल---------9815071739
601 से 750 तक-------रमेश रंगा---------9217803040
751 से 880 तक-------सत्यवान----------9417591241
881 से 1050 तक------मदनलाल----------9417979639
1051 से 1300 तक-----दर्शन सिंह-------9417375937
ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी में
1 से 392 तक---------गुरनाम सिंह-------9501301256