पंजाब में कई जगह लगे सिद्धू और इमरान खान के पोस्टर, बताया करतारपुर कॉरिडोर के असली हीरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर कांग्रेसियों ने जीरकपुर में इमरान खान और नवजोत सिंह सिद्धू के पोस्टर जगह-जगह लगा दिए हैं। उनमें लिखा है- ‘करतारपुर रास्ता खुलवाने वाले असली हीरो नवजोत सिंह सिद्धू हैं।’ पोस्टर में लिखा है - ‘हम पंजाबी छाती ठोक कर कहते हैं कि करतारपुर रास्ता खुलवाने का सारा श्रेय नवजोत सिंह सिद्धू-इमरान खान को जाता है, क्योंकि हम लोग एहसान फरामोश नहीं हैं।’
होर्डिंग में इमरान खान के बगल में सिद्धू की तस्वीर भी दिख रही है, इसमें पंजाबी में लिखा था, सिद्धू और इमरान खान करतारपुर गलियारा परियोजना को एक वास्तविकता बनाने के असली नायक हैं... श्रेय उन्हें जाता है। शहर में सिद्धू और इमरान खान को करतारपुर गलियारा परियोजना के असली नायक बताने वाले होर्डिंग सिद्धू के समर्थक गुरसेवक सिंह कारकर द्वारा लगाये गये हैं जिसमें उनकी भी तस्वीर भी है।
गुरसेवक सिंह कारकर ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने मित्र सिद्धू को पाकिस्तान में अपने शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया था जिस दौरान सिद्धू ने खान को सिख श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर गलियारा खोलने का सुझाव दिया। मैंने कई होर्डिंग लगाए हैं, क्योंकि मैं गलियारा खोलने में सिद्धू की भूमिका के बारे में लोगों को संदेश देना चाहता हूं।
फरीदकोट में भी लगे इमरान खान और सिद्धू के बोर्ड
श्री करतारपुर साहिब का रास्ता खोले जाने पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का आभार जताने के लिए फरीदकोट में जगह-जगह बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्ड को लगवाने वाले जगतार सिंह ढिल्लों (नंगल) नामक नौजवान ने श्री करतारपुर साहिब का रास्ता खुलवाने के लिए इन दोनों को असली हीरो करार दिया है।
मंडी गोबिंदगढ़ में भी लगे फ्लैक्स बोर्ड
गांव डडहेड़ी को जाते रास्ते पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और नवजोत सिंह सिद्धू के फ्लैक्स बोर्ड लगाए गए हैं। पंजाबी में लगे इस बोर्ड में करतारपुर कॉरिडोर खुलने और 550वें प्रकाश पर्व का बधाई संदेश लिखा हुआ है जिसे इमरान खान और सिद्धू को समर्पित दर्शाया गया है। बोर्ड में जारीकर्ता के नाम के बजाय एनआरआई व समूह साध संगत गांव डडेहड़ी जिला फतेहगढ़ साहिब लिखा गया है।
वहीं अमलोह के विधायक काका रणदीप सिंह ने कहा कि वह फ्लैक्स बोर्ड पर किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते और इस पर कोई कार्रवाई और राजनीति करने की जरूरत भी नहीं है। लाख कोशिशों के बाद कॉरिडोर खुला है तो इस पर सियासत नहीं गले मिलना चाहिए। विधायक ने साफ किया कि बोर्ड लगाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।