मनेठी एम्स निर्माण की मांगः पीएम मोदी को 50 हजार पोस्टकार्ड भेजने की तैयारी, पहले दिन भेजे 500
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रेवाड़ी के मनेठी में एम्स निर्माण की घोषणा के बावजूद वन सलाहकार कमेटी की नामंजूरी से प्रदेश से लेकर दिल्ली तक सियासत चल रही है। लंबे समय तक धरन पर बैठी संघर्ष समिति ने प्रधानमंत्री के नाम करीब 500 पोस्टकार्ड भेजकर निर्माण की मांग व घोषणा की याद दिलाने का अभियान शुरू कर दिया है।
बता दें कि 10 जुलाई तक ग्रामीण 50 हजार पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री के नाम भेजेंगे। हरियाणा संघर्ष समिति ने पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। समिति के चेयरमैन श्योताज सिंह यादव ने पहले पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर करके अभियान शुरू किया। बता दें कि संघर्ष समिति की ओर से 50 हजार पोस्ट कार्ड छपवाने का ऑर्डर दिया गया है। एक कार्ड पर करीब 50 पैसे की लागत आई है।
वन सलाहकार कमेटी द्वारा मनेठी में एम्स को नामंजूर के बाद एम्स संघर्ष समिति और ग्रामीणों में भारी रोष है। 23 जून को समिति ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई थी। इसमें 10 जुलाई तक दस हजार ग्रामीण पोस्टकार्ड लिखकर अपने हस्ताक्षर करके देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मनेठी में प्रस्तावित एम्स निर्माण शुरू कराने की मांग करने का प्रस्ताव पास किया गया था।
मोदी की कथनी-करनी में नहीं अंतर इसलिए पूरा करें वादा
पोस्टकार्ड में लिखा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी जी आपने 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र की पावन भूमि से स्वयं अपने मुखारबिंद से मनेठी में एम्स निर्माण की घोषणा की थी। पूरा देश ही नहीं अपितु विश्व जानता है कि मोदी जी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। इसलिए ग्रामीणों को पूरी उम्मीद है कि मोदी जी यह कथनी भी पूरी करेंगे। चेयरमैन श्योताज सिंह ने बताया कि पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान को लेकर ग्रामीणों में भारी जोश और उत्साह है।
25 जुलाई तक शिलान्यास नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
वन सलाहकार कमेटी की नामंजूरी के बाद कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं की ओर से भाजपा खासकर स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह पर लोगों के साथ धोखा करने का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव चुनाव के दौरान भी पर्यावरण मंत्रालय की एनओसी नहीं मिलने की बात उठाई थी। बाद में हुए भी ऐसा ही, इसलिए विपक्षी नेताओं के आरोप हैं कि चुनाव में एम्स मुद्दे का लाभ लेने के लिए घोषणा करवाई गई।
इसको लेकर ही संघर्ष समिति के सदस्य आज राव इंद्रजीत के आवास पर एम्स मुद्दे को लेकर उनसे मिलेंगे। चेयरमैन ने बताया कि 10 जुलाई तक हस्ताक्षर अभियान चलेगा और 25 जुलाई तक अगर एम्स का शिलान्यास नहीं हुआ तो 25 जुलाई को ही समिति ने एक बैठक बुलाई है, जिसमे एक बड़ी महापंचायत बुलाने और बड़ा आंदोलन छेड़ने का एलान होगा।
शुरु हुए हस्ताक्षर अभियान में समिति महासचिव ओमप्रकाश सैन, कैलाश यादव मनेठी, डा. जितेंद्र बिल्लु, विनोद सितारा, पैक्स उपप्रधान रमेश बिल्लु, मा. लक्ष्मण सिंह अहरोद, सुनील यादव पप्पू, दलबीर पंच, नरेंद्र मनेठी, अशोक जांगिड़, राजेश नंबरदार सहित अनेक समिति से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया।