दिल्ली से जम्मू जा रही बस हुई हादसे का शिकार, 36 यात्री घायल, कई को चंडीगढ़ किया गया रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बनूड़ तेपला राज्य मार्ग पर स्थित गोल्डन ओक पैलेस के नजदीक शुक्रवार तड़के 3:30 बजे दिल्ली से कटड़ा जा रही यात्रियों से भरी बस लावारिस पशु से जा टकराई। इससे बस सड़क के किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे में में करीब 36 यात्री घायल हो गए। घायलों को बनूड़ के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। ज्यादा गंभीर घायलों को डॉक्टरों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया।
दिल्ली से यात्रियों से भरी यूपी नंबर की टूरिस्ट बस जम्मू के कटड़ा जा रही थी। इस बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जब बस बनूड़ के नजदीक स्थित गोल्डन ओक पैलेस के नजदीक पहुंची तो सामने से लावारिस पशु आ गया। रफ्तार ज्यादा होने के कारण चालक पशु को बचाने के चक्कर में बस से अपना संतुलन गंवा बैठा और बस पशु से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पशु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में हाहाकार मच गई। यात्रियों में अधिकतर महिलाएं व बच्चे शामिल थे। घटना का पता चलते ही पुलिस ने लोगों की सहायता से घायलों को बस से निकाला व बनूड़ के सरकारी अस्पताल भेजा।
एसआई मोहन सिंह ने बताया कि घायल संजय अलीपुर, जगदीश चंद, प्रमोद कुमार निवासी गाजियाबाद, विभा कुमारी झारखंड, नशर, नतीश, सदाम हुसैन, हरदया निवासी जम्मू, अधिआतम, सिक्खा, नरिंदर कुमार, संजीव सिंह, रामबाबू निवासी यूपी, रमा रानी निवासी जम्मू, ईशीता अहिमद निवासी जम्मू, अक्षय रंजन निवासी रांची, कुरान निवासी दिल्ली, नितेश मुकेरियां निवासी पंजाब के ज्यादा चोटें आने के कारण चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल रेफर कर दिया गया।