हरियाणा में 32 स्कूली बच्चे व 13 शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले, दो अध्यापकों ने दम तोड़ा
- हिसार में सबसे अधिक 16 और रोहतक में 10 बच्चे संक्रमित मिले
- 18 से कम आयु वालों को कोरोना से अधिक अलर्ट रहने की जरूरत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में कोरोना का संक्रमण अब स्कूलों तक फैलने लगा है। मंगलवार को हरियाणा के रेवाड़ी और झज्जर में 86 बच्चे संक्रमित मिले थे। बुधवार को इसका दायरा बढ़ गया। हिसार और रोहतक मंडल के कई जिलों के विभिन्न स्कूलों के 32 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 13 शिक्षकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, हिसार में संक्रमित 46 वर्षीय अध्यापक और फतेहाबाद में निजी स्कूल की शिक्षिका की मौत हो गई।
अनलॉक के दौरान हरियाणा में स्कूल-कॉलेज खोले जा चुके हैं। दो नवंबर को स्कूल खुलने के बाद हर दिन शिक्षक-विद्यार्थी लगातार कोरोना संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। रेवाड़ी जिले में संक्रमित बच्चों के संपर्क में आए करीब 200 विद्यार्थियों और 50 अभिभावकों के सैंपल बुधवार को लिए गए।
कोरोना पॉजिटिव मिले बच्चों व अध्यापकों को उनके लक्षण के हिसाब से केयर सेंटरों में दाखिल कर और होम आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है। संक्रमित मिलने वाले बच्चों के स्कूलों को सैनिटाइज करवाया जा रहा है।
हिसार सीएमओ डॉ. रत्ना भारती ने कहा कि बच्चों के लगातार संक्रमित मिलने के कारण जिले में अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें बच्चे और अध्यापकों के सैंपल लिए जाएंगे। पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. ओपी कालरा भी मानते हैं कि बच्चों व किशोरों में भी कोरोना का रिस्क है लेकिन वैक्सीन आने तक इंतजार करना होगा। अब 18 से कम आयु वालों को कोरोना से अधिक अलर्ट रहने की जरूरत है।
बुधवार को कहां कितने छात्र-शिक्षक संक्रमित मिले
- जिला विद्यार्थी शिक्षक
- हिसार 16 9
- रोहतक 10 4
- झज्जर 2
- महेंद्र्रगढ़ 2
- जींद 2
रेवाड़ी जिले में दो नंबर से अब तक 93 बच्चे और 29 शिक्षकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। वहीं झज्जर जिले में अब तक 81 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि जींद जिले में 33 विद्यार्थी और 10 शिक्षक संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। रोहतक जिले में भी 48 बच्चे और 16 शिक्षक कोरोना ग्रसित हो चुके हैं। फतेहाबाद जिले में पांच शिक्षक संक्रमित हो चुके हैं।
बिना लक्षण के विद्यार्थी निकल रहे कोरोना संक्रमित
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बिना लक्षणों के कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के आग्रह पर स्वास्थ्य विभाग स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों की आकस्मिक जांच कर रहा है। बीते 2 नवंबर को विभाग ने स्वास्थ्य महकमे को स्कूलों में विद्यार्थियों की आकस्मिक कोरोना जांच के लिए लिखा था।
स्कूल स्टाफ वैसे तो रोजाना विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग करता है। बुखार वाले विद्यार्थियों को स्कूल में प्रवेश ही नहीं दिया जाता। स्वास्थ्य महकमे की जांच में जो विद्यार्थी कोरोना संक्रमित निकले हैं, उनमें महामारी के लक्षण ही नहीं थे। इस वजह से स्कूल शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है। पूरे प्रदेश में स्कूल आ रहे बच्चों की कोरोना जांच होगी।
विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को कोरोना मामले आने पर कक्षा की छुट्टी व स्कूल बंद करने के लिए अधिकृत कर दिया है। अगर किसी कक्षा में एक मामला आता है तो उसकी छुट्टी कर दी जाएगी। अगर एक से अधिक मामले आते हैं तो स्कूल को कम से कम एक हफ्ते तक बंद कर दिया जाएगा। ज्यादा मामले आने पर दो हफ्ते तक स्कूल बंद होंगे। रेवाड़ी के कुंड स्कूल को 19 केस आने पर 30 नवंबर तक बंद कर दिया गया है। स्कूल को पूरा सैनिटाइज किया जाएगा। डीईओ अपने स्तर पर सभी बच्चों व शिक्षकों की कोरोना जांच कराने का निर्णय भी ले सकते हैं।