Punjab: दो दिन से बेटा घर नहीं आया; फोन भी नहीं उठाया, पिता पहुंचा तो महिला के मकान में लटकी मिली लाश
एएसआई रमेश लाल ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिन से घर नहीं आए एक युवक ने गांव छत में एक महिला के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हरविंदर सिंह (24) निवासी गांव कराली थाना बनूड़ (पटियाला) के तौर पर हुई है। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर महिला समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई रमेश लाल ने बताया कि मृतक हरविंदर के पिता नरेश कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और उनके तीन बच्चे हैं। उनका बड़ा बेटा हरविंदर सिंह सरिया बांधने का काम करता था। काम के सिलसिले में वह जीरकपुर आता-जाता था। इस बीच गांव सताबगढ़ की एक शादीशुदा महिला मनदीप कौर उर्फ ममना से उसकी बातचीत हो गई, जो नई कॉलोनी गांव छत में रहती थी।
हरविंदर मनदीप कौर के घर आने-जाने लगा। करीब डेढ़ माह पहले मनदीप कौर के गांव बिंजल निवासी दोस्त रवि ने उसके मकान पर कब्जा कर लिया। हरविंदर और उसके दोस्त ने मिलकर कब्जा छुड़वाया। इसके बाद मनदीप कौर ने हरविंदर से पैसे मांगे और कहा कि वह उसके नाम पर घर की रजिस्ट्री कर देगी। इसके बाद हरविंदर ने घर से करीब साढ़े सात लाख रुपये लाकर उसे दे दिए लेकिन मनदीप ने न तो मकान की रजिस्ट्री की और न कागजात दिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनदीप कौर उर्फ ममना का सारा खर्च उनका बेटा ही उठाता था। बाद में खर्च न दे पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। इसके बाद उनका बेटा बनूड़ आकर रहने लगा।
आरोप है कि 25 दिसंबर की शाम करीब सात बजे मनदीप कौर और उसकी बहन स्कूटी से उनके घर आईं और उनके बेटे को साथ ले गई। दो दिन बाद उनके एक परिचित ने फोन कर बेटे के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि दो दिन से बेटा घर नहीं आया है और फोन भी नहीं उठा रहा। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे जब वह अपने अन्य करीबियों के साथ गांव छत स्थित मनदीप कौर के घर पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था और हरविंदर का शव पंखे से लटक रहा था। अंदर लाल रंग से लिखा हुआ था ‘ठीक नी करी... ममना तेरे कारण मर रहा हूं’। उन्होंने आशंका जताई कि उनके बेटे ने मनदीप कौर उर्फ ममना और उसके दोस्त रवि से तंग आकर आत्महत्या की है।
एएसआई रमेश लाल ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।