{"_id":"973333e1931f291bed42be853f702ecd","slug":"2017-election-aap-will-start-add-family-campaign-in-punjab-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"2017 में चुनाव के लिए AAP का आज से परिवार जोड़ो मुहिम शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
2017 में चुनाव के लिए AAP का आज से परिवार जोड़ो मुहिम शुरू
अखिल तलवार/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Sun, 07 Feb 2016 09:38 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। माघी कांफ्रेंस में अपने विरोधियों की मौजदूगी के बीच पार्टी ने अपनी ताकत दिखाई थी। अब पार्टी पंजाब के हर वोटर से सीधे राबता कायम करेगी।
विज्ञापन
इसके लिए रविवार से पूरे पंजाब में परिवार जोड़ो मुहिम का आगाज किया जाएगा। शनिवार को सभी जिलों में बैठकें कर इसकी योजना फाइनल कर दी गई। पंद्रह दिन चलने वाली इस मुहिम के तहत पार्टी राज्य के बारह हजार गांवों और सारे शहरी इलाकों को कवर करेगी।
विज्ञापन
इस दौरान वॉलंटियर पंजाब के 13.5 लाख घरों में दस्तक देंगे। इसके लिए पार्टी ने विशेष तौर पर 350 वक्ता तैयार किए हैं, जिन्होंने 20-20 वॉलंटियर्स की टीमें बनाई हैं। ये टीमें रोजाना 3-4 गांवों को कवर करेंगी। जिन गांवों में टीमों ने जाना होगा, स्थानीय वर्कर एक दिन पहले ही वहां अनाउंसमेंट करवा देंगे। ये टीमें ग्रामीण व शहरी इलाकों में एक-एक घर में जाएंगी।
विज्ञापन
वहां जाकर पंजाब के ज्वलंत मुद्दों नशों, खेती संकट, बेरोजगारी आदि पर पार्टी की नीतियां बताएंगी। साथ ही पिछली सरकारों की कारगुजारी की पोल खोलेंगी। वोटरों को एक विशेष पंफलेट भी दिया जाएगा। शाम को दो जगह नुक्कड़ बैठकें होंगी, जिन्हें विशेष तौर पर तैयार किए गए वक्ता संबोधित करेंगे।
बड़े नेता भी कहीं-कहीं मुहिम को ज्वाइन करेंगे। अगर पंद्रह दिनों में सारा पंजाब न कवर हो सका तो मुहिम आगे बढ़ाई जाएगी। गांवों को कवर करने के लिए भी खास रणनीति बनाई गई है। टीमें एक ही सर्किल के सारे गांव एक साथ नहीं कवर करेंगी बल्कि एक दिन में अलग-अलग सर्किल के एक-एक गांव में जाएंगी ताकि हर तरफ पार्टी की मजबूत उपस्थिति नजर आए। तीन दिन के दौरे का एडवांस शेड्यूल पहले ही बनाया जाएगा।
मौके पर मेंबरशिप, घर पर लगेगा स्टिकर
आम आदमी पार्टी ने इस मुहिम के दौरान मेंबरशिप की भी तैयारी की है। आप की टीमें घरों में जाकर पार्टी नीतियां बताएंगी। इस दौरान अगर कोई परिवार या वोटर पार्टी से जुड़ने को तैयार हो जाएगा तो मौके पर ही उसे सदस्य बनाया जाएगा।
इसके लिए मोबाइल ऐप बनाया गया है, जिसमें वोटर का नाम और मोबाइल नंबर भरते ही उसकी मेंबरशिप हो जाएगी। उसकेबाद उसकेघर पर एक खास स्टिकर लगाया जाएगा। जिस पर लिखा होगा कि पंजाब को बचाने में मैं अरविंद केजरीवाल और आप के साथ हूं।
लुधियाना में ट्रेन्ड किए 350 वक्ता
आप ने परिवार जोड़ो मुहिम के लिए 350 वक्ता तैयार किए हैं। पहले सभी जोन से फीडबैक लिया गया कि कहां पर सक्षम लोग हैं, जो अच्छे वक्ता बन सकते हैं। उन्हें चुनने के बाद चार फरवरी को लुधियाना में एक दिन की वर्कशॉप में उन्हें ट्रेनिंग दी गई। वर्कशॉप में पंजाब प्रभारी संजय सिंह, संगठन प्रभारी दुर्गेश पाठक और सूबा कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर थे। इसके अलावा दिल्ली से पार्टी की सोशल मीडिया टीम ने विशेष जानकारी दी।