चंपावत। जिले में इस बार धनतेरस पर्व पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य जरूरी सामान की जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार जिलेभर में 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर, बनबसा सहित जिले के विभिन्न बाजारों में दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में स्कूटी, कार, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, सोने-चांदी और बर्तनों की खरीदारी की।