सिमली स्थित महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा देने अथवा मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग को लेकर बेस अस्पताल संघर्ष समिति 27 नवंबर से अधिकार यात्रा निकालेगी। यात्रा का शुभारंभ देवाल ब्लॉक के वाण से होगा। इसके तहत पूरे चमोली जिले में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर जनसमर्थन जुटाया जाएगा। बुधवार को प्रेस क्लब भवन में पत्रकार वार्ता में संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सिमली चमोली के सात विकासखंडों के साथ बागेश्वर, अल्मोड़ा, पौड़ी और रुद्रप्रयाग जनपदों का केंद्रीय स्थल है। यहां मेडिकल कॉलेज या पूर्ण बेस अस्पताल बनने से करीब चार लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद सरकार न मेडिकल कॉलेज की घोषणा कर रही है और न पूर्ण बेस अस्पताल का शासनादेश जारी कर रही है। अस्पताल में चिकित्सकों और संसाधनों का अभाव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और चिकित्सा विभाग की समिति की बैठक में पूर्ण बेस अस्पताल या मेडिकल कॉलेज से कम कोई प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीमावर्ती जिलों के लोगों के साथ महापंचायत कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। यात्रा की शुरुआत 27 नवंबर को सिमली के चंडिका मंदिर में पूजा-अर्चना और देवाल के वाण में लाटू देवता का आशीर्वाद लेकर होगी। 28 नवंबर को थराली, 29 को नारायणबगड़, 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक गैरसैंण, 3 दिसंबर को कर्णप्रयाग, 4 को पोखरी, 5 को नंदानगर तथा 6 दिसंबर को गोपेश्वर और ज्योतिर्मठ में जनसंपर्क व नुक्कड़ सभाएं कर समर्थन जुटाया जाएगा।