घोरावल ब्लॉक अंतर्गत देवरीकाठ गांव में बृहस्पतिवार की शाम एक किसान के घर में करीब तीन फीट लंबा विषैला कोबरा सर्प दिखाई देने से परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सर्प को देखते ही परिवार के लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने उसे भगाने और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कोबरा के फुफकारने पर सभी पीछे हट गए। इसके बाद परिजनों ने फोन के माध्यम से मामले की सूचना वन क्षेत्राधिकारी को दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन्यजीव रक्षक अविलाश, सुबे और ओमप्रकाश विश्वकर्मा ने काफी मशक्कत के बाद घर में छिपे कोबरा को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर पकड़ लिया। सर्प के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि देवरीकाठ गांव में किसान के घर में करीब तीन फीट लंबा कोबरा घुस गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया।