एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद गठबंधन के ऐलान के बाद पहली बार सहारनपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में चंद्रशेखर आजाद ने ओवैसी का स्वागत किया। इसके बाद दोनों सांसद कलक्ट्रेट पहुंचे और अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। सांसदों ने दावा किया कि विवादित संपत्ति खसरा संख्या 539, खेवट नॉन-जेडए राजस्व अभिलेखों में खातेदारों के नाम दर्ज है और यह भूमि कभी सरकार में निहित नहीं रही। उनका कहना है कि मस्जिद का निर्माण वर्ष 1911 से पहले हुआ था और यह उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड में वक्फ संख्या 451 के रूप में पंजीकृत है। उन्होंने आरोप लगाया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान वक्फ बोर्ड को आवश्यक पक्षकार नहीं बनाया गया। दोनों सांसदों ने कहा कि जिला जज के आदेश के बाद मस्जिद पक्ष को उच्च न्यायालय जाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और आदेश के महज तीन दिन के भीतर मस्जिद ध्वस्त कर दी गई। उन्होंने प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के लिए समिति गठित करने, अन्य मस्जिदों और मदरसों को जारी नोटिसों पर कार्रवाई रोकने तथा संबंधित पक्षों को दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना कानूनी पक्ष रखने का पूरा अवसर देने की मांग की। इस दौरान दोनों दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।