रायबरेली में जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बृहस्पतिवार को राजकीय कृषि बीज भंडार, छतोह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। जांच में ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक आजाद कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश कुमार मौर्य अनुपस्थित मिले। जिला कृषि अधिकारी ने बीज भंडार प्रभारी भगवानदीन को ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों को जल्द गेहूं का बीज वितरण का निर्देश दिया। कहा कि जिन किसानों ने बुकिंग कराई है, लेकिन बीज लेने नहीं पहुंचे, तो उन्हें फोन करके बुलाया जाए। निरीक्षण के दौरान किसान अतीक अहमद, अतुल सिंह, अवधेश कुमार तिवारी, नन्हे यादव ने गेहूं के बीज की मांग की। जिला कृषि अधिकारी ने उनसे ऑनलाइन बुकिंग का प्रमाण मांगा। किसान बुकिंग का कागज नहीं दिखा सके। जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पहले उन्हीं किसानों को बीज मिलेगा, जिन्होंने ऑनलाइन बुकिंग कराई है। किसान नेता सदाशिव पांडेय ने निजी दुकानों पर डीएपी और एनपीके खाद निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचने की शिकायत की। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी ने परैया नमकसार पहुंचे। वहां उन्होंने खाद-बीज की अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया।