पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में गेहूं की बोआई के दौरान खेत में रोटावेटर से उलझा बिजली का तार हटाने के दौरान युवक को करंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बरेली जिले के गांव कटका निवासी भवनेश जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सरौली में अपने रिश्तेदार बबलू के यहां आया हुआ था। शुक्रवार को वह खेत में गेहूं की बोआई करवा रहा था। इसी दौरान खेत में पड़ा बिजली का तार रोटावेटर में उलझ गया। भवनेश तार को निकालने के लिए आगे बढ़ा और उसे छुड़ाने लगा। तभी अचानक तार में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही भवनेश जमीन पर गिर पड़ा। खेत में मौजूद रिश्तेदारों ने उसे बचाने की कोशिश की और आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल से सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत या आरोप मृतक के परिजनों ने नहीं लगाए हैं।