मथुरा के छाता क्षेत्र की बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर रविवार को एक अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। रनवारी गांव के रहने वाले विष्णु और अमन ने गांव से छाता शुगर मिल स्थित धरना स्थल तक करीब 6 किलोमीटर की दूरी दंडवत (साष्टांग प्रणाम करते हुए) तय की। रविवार सुबह अपने गांव से शुरू हुई इस कठिन यात्रा को दोनों युवाओं ने दोपहर के समय धरना स्थल पर पहुंचकर पूरा किया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों ने दोनों का जोरदार स्वागत कर हौसलाफजाई की। धरना स्थल पर पहुंचने पर भूतपूर्व सैनिकों ने विशेष रूप से उनका सम्मान किया। युवाओं का स्पष्ट संदेश है कि उनका एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली छाता शुगर मिल को किसी भी हाल में दोबारा चालू करवाना है, जिसके लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। इस दौरान विशाल पंडित, मोहित पंडित, राजकुमार, नरेश, चंदर मुकदम, पप्पू और रोहन कंजर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे।