मथुरा के वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामियों द्वारा इस बार खास तैयारी की जा रही है। ठाकुरजी दिल्ली के कारीगरों द्वारा बनीं जरी की जड़ेमा पीले रंग की पोशाक धारण करेंगे। मंदिर के सेवायत गोस्वामी द्वारा तीन नई पोशाक मंगाई जा रही है। ठाकुरजी की लाखों रुपये की कीमत की पोशाक ढाई माह में एक दर्जन कारीगरों ने तैयार की है। ठाकुरजी के लिए आगरा से खास तरह के पकवान एवं छप्पन भोग बनकर आ रहे हैं। जोधपुर से धातु के खिलौने बनकर आ रहे हैं और अभिषेक के लिए कलश, उत्तराखंड से जड़ी बूटियां मंगाई गई हैं। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवाधिकारी गौरवकृष्ण गोस्वामी ने बताया कि चार सिंतबर की रात 12 बजे श्रीबांकेबिहारी महाराज का पंचामृत से महाभिषेक किया जाएगा। ठाकुरजी को 125 किलो दूध, 100 किलो दही, शहद, कश्मीर से केसर, उत्तराखंड से जड़ी बूटियां मंगाई गई हैं। इसका ऑर्डर दो माह पहले ही उनके द्वारा दिया गया था। कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारी पिछले ढाई माह से निरंतर चल रही है। इसमें आगरा के ब्रज रसायन ग्रुप के द्वारा खास तरह के 56 भोग ठाकुरजी के लिए तैयार कराए जा रहे हैं। इसमें मेवा से बने 56 प्रकार के पकवान तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा 56 ही प्रकार के पाग एवं कतली बनाई जा रही हैं। सभी खास प्रकार के पकवान आगरा से बनकर आएंगे।