मथुरा के गोविंदनगर थाना पुलिस ने बकरा-बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 27 हजार रुपये, दो चोरी किए गए आधार कार्ड, अवैध तमंचा और पोनिया समेत कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा सिटी कार और मैक्स पिकअप भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह मथुरा के अलावा आसपास के जिलों में भी बकरा-बकरियों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी में इस्तेमाल वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर पुलिस को चकमा देते थे। 29 अगस्त की सुबह राधापुरम बॉर्डर पर बैरियर लगाकर गोविंदनगर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तड़के चार बजे मसानी लिंक रोड से पानी रेलवे लाइन की ओर जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते पर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। मौके से मन्ना उर्फ हप्पी निवासी घिया मंडी, भरतपुर गेट, समीर निवासी घिया मंडी, रिजवान निवासी इस्लामिया इंटर कॉलेज क्षेत्र और नासिर निवासी मेवाती मोहल्ला को गिरफ्तार किया गया। वहीं शोएब निवासी चौपटा खारी कुआं, भरतपुर गेट पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। मन्ना, समीर, रिजवान और नासिर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।