मैनपुरी के बेवर में शनिवार को खंड विकास कार्यालय पर रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री के नाम अपनी लंबित मांगों को लेकर एक ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। रोजगार सेवकों ने आगामी 23 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के बहिष्कार की घोषणा कर तीन दिसंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी। ज्ञापन सौंपते हुए ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल सिंह बैस ने बताया कि रोजगार सेवकों के मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ, भुगतान व अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान हेतु संगठन निरंतर प्रयासरत है। एक सप्ताह पूर्व संगठन की मांगों को लेकर हुई वार्ता के संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं निकलने पर आगामी विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का बहिष्कार कर रोजगार सेवक विरोध दर्ज कराएंगे। शनिवार को उक्त आशय का ज्ञापन बीडीओ बेवर को सौंपा गया। रोजगार सेवक 24 हजार रुपए प्रति माह मानदेय, कैशलेस चिकित्सा समेत अन्य मांगे कर रहे हैं। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि 27 नवंबर से जिला मुख्यालय पर और तीन दिसंबर से प्रदेश के हजारों रोजगार सेवकों द्वारा विधानसभा लखनऊ का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल सिंह, मनोज चौहान, राजपाल, अवनीश यादव, जितेंद्र कुमार, दीपू कुमार, धर्मेंद्र, सतेंद्र, रजनीश, धर्मवीर, रवि, अनिल कुमार, राजेश कुमार, अमित कुमार, दीप चंद्र, सुधीर, विमलेंद्र आदि रोजगार सेवक शामिल रहे।