लोक निर्माण विभाग की ओर से पोनीरोड चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसमें घोर लापरवाही बरती जा रही है। जिस ओर अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। चौड़ीकरण का कार्य तो शुरू हो गया लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से यहां रहने वाले लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। सभी गलियों में जलभराव है जिससे व्याप्त गंदगी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं और बुखार आ रहा है। पोनीरोड के गली नंबर चार में रहने वाले विमल विश्नोई ने बताया कि 15 दिनों से अधिक समय से गली में जलभराव है। नालियां चोक हैं। ऐसे में घरों का पानी नहीं निकल पा रहा है। इससे गंदगी व्याप्त है। नगर पालिका की ओर से टैंकर लगाकर गंदा पानी निकाला जा चुका है लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा प्लानिंग के तहत कार्य न करने से यह समस्या पोनीरोड में उत्पन्न हो रही है। चौड़ीकरण का कार्य तो शुरू करा दिया गया लेकिन जलनिकासी कैसे होगी इसके बारे में नहीं सोचा गया। ऐसे में लगभग सभी गलियों का यही हाल है। बताया कि वह खुद भी गंदगी के कारण बीमार है जबकि मोहल्ले के रहने वाले शिवम, नन्नो देवी, सुनीता, कमला देवी, रामबाबू, शिवानंद मिश्रा समेत अन्य कई लोगों को बुखार आ रहा है। यहीं के रहने वाले मनोज शुक्ला, गौरव गुप्ता, निक्की ने बताया कि नालों का पानी घरों में घुसा रहा है। त्योहार नजदीक है पीडब्लूडी के ठेकेदार को भी अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीडब्लूडी एक्सईएन एचडी अहिरवार ने बताया कि नगर पालिका गंगाघाट से सहयोग करने को उन्होंने बोला है। वहीं, ईओ पालिका राजेश कुमार ने बताया कि जो संभव प्रयास होंगे किए जाएंगे। कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदार को बुलाकर कार्ययोजना के बारे में जाना जाएगा।