दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर कानपुर के अधिवक्ता ने कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल से युवा अधिवक्ताओं को प्रतिमाह 15 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की मांग की। अधिवक्ता कल्याण संघर्ष समिति के संयोजक, लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा के पुत्र, समिति के सक्रिय सदस्य व अधिवक्ता शुभम जोशी ने अपनी लद्दाख यात्रा के दौरान वहां के अधिवक्ताओं से मुलाकात की और अत्यधिक दुर्गम रास्तों से होते हुए गिनीज वर्ल्डस रिकॉर्ड में दर्ज दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबुल चोटी उल्मिंग ला पर पहुंचे। वहां पहुंचकर शुभम ने कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल से युवा अधिवक्ताओं को अधिवक्तावृत्ति में मजबूती से रहने के लिए पंजीकरण के शुरुआती पांच साल तक 15 हजार रुपए प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि देने की मांग की। इस संबंध में एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा कि 1947 से आज तक राष्ट्रीय स्तर पर समाज उत्थान में निरंतर अपना योगदान दे रहे अधिवक्ताओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। युवा अधिवक्ताओं के लिए 15 हजार रुपए प्रतिमाह की योजना लागू कर उन्हें मजबूती प्रदान करें। सोशल मीडिया पर शुभम के वायरल वीडियो को देखकर कानपुर में अधिवक्ताओं ने शुभम के पिता पं. रवींद्र शर्मा के चेंबर पहुंचकर युवा अधिवक्ताओं के प्रति बेटे की सकारात्मक सोंच के लिए उन्हें बधाई दी।