पैतृक संपत्ति का बंटवारा न किए जाने से नाराज युवक सुरजीपुर गांव में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने समझाकर उसे उतारा। सुरजीपुर निवासी अतुल शर्मा (25) मजदूरी करते हैं। बुधवार को वह गांव से लगभग 500 मीटर दूर से निकली हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गए। वहां से कूदने की धमकी देने लगे। इसकी जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक मार्कंडेय सिंह मौके पर पहुंचे। इस बीच परिजन और ग्रामीणों की भीड़ भी लग गई। पुलिस ने समझाकर अतुल को टावर से उतारा और थाने ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्हेंने पुलिस को बताया कि छह माह पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार में चार भाई, दादी और मां हैं। लगभग 25 बीघा पैतृक भूमि है। आरोप है कि इस भूमि पर परिजन खेती करते हैं लेकिन उसे हिस्सा नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा पैतृक मकान और जेवर में भी हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। इसी नाराजगी के कारण वह टावर पर चढ़ गए।