हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र स्थित बेहता नाले में नहाने गए 19 वर्षीय युवक सूरज उर्फ मोनू की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान उसके साथ डूब रहे दोस्त शिवम को उसके पिता लल्लू ने तुरंत पानी से निकालकर बचा लिया। बृहस्पतिवार शाम से लापता सूरज का शव शुक्रवार दोपहर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।