गोंडा में जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को चयन परीक्षा हुई। जिले के 14 केंद्रों पर सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। पंजीकृत 3,908 विद्यार्थियों में से 2,536 ने परीक्षा दी। इसमें 1,437 बालक और 1,099 बालिकाएं शामिल रहीं। कुल उपस्थिति 64.89 फीसदी दर्ज की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए। गणित के लाभ-हानि, क्षेत्रफल और परिमाप के सवालों ने बच्चों को खूब उलझाया। हालांकि भाषा और मानसिक योग्यता के प्रश्नों ने राहत दी। प्रश्नपत्र में मानसिक योग्यता, पर्यावरण अध्ययन, अंकगणित और भाषा के चार खंड थे। प्रत्येक खंड में 20 प्रश्नों के लिए 25 अंक निर्धारित थे। कुल 80 प्रश्नों को हल करने के लिए दो घंटे का समय मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।