जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकास खंड नियामताबाद के ग्राम पंचायत बरहुली में आयोजित स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उनका हाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही नवजात शिशुओं के टीकाकरण तथा कुपोषित बच्चों की जांच की व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं से शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। लाभार्थी निशा देवी ने बताया कि केंद्र पर ग्रामीणों को समय-समय पर टीकाकरण, पोषण, खानपान तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाती है।