बरेली में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को किसानों के साथ मंडल स्तरीय धरना-प्रदर्शन कर कमिश्नरी गेट पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसान कमिश्नर को बुलाने और उन्हीं को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। एडीएम सिटी किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाते रहे, लेकिन किसान नहीं माने। धरना संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली आंदोलन को लेकर किया गया। प्रदेश की सभी कमिश्नरियों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन का कार्यक्रम था। किसान बृहस्पतिवार रात से ही कमिश्नरी गेट पर डटे रहे। रात में उन्होंने वहीं विश्राम किया और खाना खाया। अमर उजाला से बातचीत में भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि रात से यहां प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। न शौचालय की व्यवस्था रही, न पेयजल की। खुले आसमान के नीचे किसान लेटे रहे। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान को देश का सबसे बड़ा अन्नदाता और दूसरा भगवान कहा जाता है, लेकिन उसके साथ इस तरह भेदभाव किया जा रहा है।