अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में मंगलवार शाम जमीन के पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 40 वर्षीय राम लगन मौर्य के सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात में उनकी मां पार्वती देवी (60) भी घायल हुई हैं। उनके सिर में चोट लगी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।