अयोध्या में भक्ति और आस्था के माहौल के बीच रुदौली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव स्थित धर्मा पैलेस में मंगलवार को सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ पर काली माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। परम पूज्य जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री श्रीधराचार्य जी महाराज रथ पर सवार होकर कलश यात्रा में शामिल हुए। उनके सानिध्य में निकली यात्रा धर्मा पैलेस पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन समाजसेवी पंडित धर्मदत्त पाठक की ओर से कराया जा रहा है। कथा की मुख्य यजमान श्रीमती सीमा पाठक हैं। सात दिवसीय कथा में स्वामी श्री श्रीधराचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे और भक्तों को धर्म एवं भक्ति का संदेश देंगे।कथा का आयोजन 20 से 26 अक्तूबर तक प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगा। आयोजक पंडित धर्मदत्त पाठक ने श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।