अयोध्या में राम मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग टेढ़ी बाजार ओवरब्रिज पर सोमवार को लगाए गए बैनर-पोस्टर को लेकर हलचल मच गई। पोस्टर में पूर्व सांसद अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर पर लिखा था- ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’। इसके साथ स्लोगन दिया गया था- ‘आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार।’ पोस्टर सामने आने के बाद प्रशासन ने सुबह ही नगर में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पोस्टर-बैनर हटवा दिए। चूड़ामणि चौराहे से राम मंदिर जाने वाले मार्ग पर टेढ़ी बाजार ओवरब्रिज पर लगा पोस्टर भी बाद में फटा हुआ नजर आया। राम मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर पोस्टर लगाए जाने की जानकारी के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और जगह-जगह लगे पोस्टरों को हटवाया गया। पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।