अमेठी में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के खेरौना गांव निवासी मुन्ना प्रजापति (35) की सोमवार सुबह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर बाईपास किनारे खेत में पड़ा मिला। शव से करीब सात फीट ऊपर बिजली की लाइन गुजर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मुन्ना रविवार शाम करीब 5 बजे खेतों को जानवरों से बचाने के लिए कटीली झाड़ियां लेने घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बाईपास किनारे खेत में शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। पिता रामसूरत ने बताया कि मुन्ना रविवार शाम झाड़ियां लेने की बात कहकर घर से निकला था। रात में वापस नहीं आने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे। सुबह ग्रामीणों से बेटे का शव मिलने की सूचना मिली। मुन्ना मेले में छोटी-छोटी दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों के मुताबिक खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे है। लाइन हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई थी। ग्रामीणों ने लाइन की चपेट में आने से मुन्ना की मौत की बात कही। हर पहलू की जांच हो रही क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है। हर पहलू की जांच की जा रही है। तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।