अंबेडकरनगर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा डूबती नैया में सवार है। अकबरपुर के टांडा रोड स्थित कटरिया बाग में भागीदारी पार्टी की ओर से डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती पर आयोजित जन अधिकार महारैली में उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अंबेडकर नगर ही नहीं, पूरे पूर्वांचल में सपा का खाता नहीं खुलने देंगे। राजभर ने कहा कि भागीदारी पार्टी के साथ आने से पूर्वांचल में एनडीए गठबंधन मजबूत होगा। उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार को सर्व समाज का महापुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ संविधान निर्माण में काम किया। उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की प्रतिमा बाबा साहब के साथ स्थापित किए जाने की बात कही। राजभर ने दावा किया कि अंबेडकर नगर में प्रजापति समाज के करीब दो लाख वोट हैं और अब यह समाज एनडीए गठबंधन के साथ जुड़ने जा रहा है। उन्होंने सपा पर इस समाज का वोट लेने के बाद उत्पीड़न करने का आरोप भी लगाया। भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति ने कहा कि वंचित, शोषित, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और सर्व समाज को सामाजिक न्याय व समान भागीदारी दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया और पार्टी की ताकत बढ़ने का दावा किया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. महेश चंद्रा प्रजापति ने युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे मजबूती से उठाने होंगे।